उप्र : आगरा में चलती ट्रेन के सामने लेटकर वायुसेना सार्जेंट ने दी जान, अछनेरा स्टेशन पर हादसा

Ads

उप्र : आगरा में चलती ट्रेन के सामने लेटकर वायुसेना सार्जेंट ने दी जान, अछनेरा स्टेशन पर हादसा

  •  
  • Publish Date - September 10, 2026 / 10:33 PM IST,
    Updated On - September 10, 2026 / 10:33 PM IST

आगरा, 10 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के अछनेरा रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार को एक वायुसेना सार्जेंट ने चलती ट्रेन के सामने कथित तौर पर लेटकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान नैनाराम (35) के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ जोधपुर-हावड़ा ट्रेन से यात्रा कर रहा था। परिवार राजस्थान के नागौर से ट्रेन में सवार हुआ था।

पुलिस क्षेत्राधिकारी रेलवे राजेश दीक्षित ने बताया कि ट्रेन सुबह करीब नौ बजे अछनेरा स्टेशन पर रुकी थी। इसी दौरान नैनाराम मुख्य प्लेटफॉर्म के विपरीत दिशा वाले प्लेटफॉर्म से नीचे उतरा और पटरी की ओर चला गया।

दीक्षित ने बताया, ‘जैसे ही ट्रेन चलने लगी, वह उसके सामने लेट गया।’

उन्होंने बताया कि नैनाराम वायुसेना में सार्जेंट के पद पर तैनात था। पुलिस के अनुसार, उसके परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंच रहे हैं। कथित आत्महत्या के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा

सं, जफर रवि कांत