महाराष्ट्र पुलिस के एक महीने तक चले अभियान में 10 लोग गिरफ्तार, दो महिलाएं शामिल
महाराष्ट्र पुलिस के एक महीने तक चले अभियान में 10 लोग गिरफ्तार, दो महिलाएं शामिल
ठाणे, सात मई (भाषा) महाराष्ट्र पुलिस के एक महीने तक चले अभियान में मादक पदार्थों के 10 आपूर्तिकर्ताओं और तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से अधिकतर मुंबई के हैं, और उनसे 13.61 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ (मेफेड्रोन) जब्त किए है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से दो महिलाएं हैं, जबकि एक पुरुष आरोपी गुजरात के राजकोट का रहने वाला है।
यह कार्रवाई मीरा भायंदर-वसई विरार पुलिस की अपराध शाखा ने की।
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) मदन बल्लाल ने बताया, ‘यह अभियान चार अप्रैल को शुरू हुआ जब पुलिस ने एक सूचना के आधार पर नयनगर क्षेत्र (मीरा रोड) में एक आवासीय परिसर पर छापा मारा और वरिष्ठ निरीक्षक प्रमोद बदख की देखरेख में 2.66 करोड़ रुपये मूल्य का 1.324 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया।’
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मीरा रोड (पूर्व) निवासी फिरदौस अरबाज कुरैशी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने जांचकर्ताओं को बताया कि प्रतिबंधित सामान उसके पति अरबाज वकील कुरैशी का था, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
नयनगर पुलिस थाना में दोनों के खिलाफ मादक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ निरीक्षक बदख ने बताया कि दंपति से पूछताछ के बाद मादक पदार्थों के आठ तस्करों को गिरफ्तार किया गया और ‘मेफेड्रोन’ की अतिरिक्त मात्रा जब्त की गई।
उन्होंने बताया, “पूरे अभियान के दौरान कुल 6.773 किलोग्राम मेफेड्रोन जब्त किया गया, जिसकी कुल कीमत 13,61,38,480 रुपये है।”
इस मामले में गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की पहचान मोइज जावेद खान, आकाश यादव (दोनों मुंबई के जोगेश्वरी निवासी), अरमान अली कलाम अली रेन, सुनील यादव (दोनों मुंबई के ओशिवारा निवासी), मोहम्मद अराफात शमशुद्दीन अंसारी, खालदा अराफात अंसारी (दोनों मुंबई के बायकुला क्षेत्र निवासी), मोहम्मद वसीम यूसुफ शेख (ठाणे के मीरा रोड निवासी) और इरफान अनवर कुड़िया (गुजरात के राजकोट निवासी) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थों तस्करी नेटवर्क की आगे की जांच जारी है।
भाषा तान्या रंजन
रंजन

Facebook


