मुंबई के मुलुंड में ‘बेस्ट’ की बस की चपेट में आने से महिला की मौत
मुंबई के मुलुंड में 'बेस्ट' की बस की चपेट में आने से महिला की मौत
मुंबई, सात अगस्त (भाषा) मुंबई के पूर्वी उपनगर मुलुंड में शुक्रवार दोपहर बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति और परिवहन (बेस्ट) की एक बस की चपेट में आने से 56 वर्षीय महिला की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा दोपहर करीब ढाई बजे मुलुंड जांच चौकी इलाके में उस समय हुआ जब बस ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी हुई थी।
‘बेस्ट’ के एक अधिकारी ने बताया कि जैसे ही चालक ने बस आगे बढ़ाई, सड़क पार कर रही महिला बस के दाहिने अगले पहिये के नीचे आ गई और कुचली गई।
हादसे में पीड़िता जयश्री भानजी परमार गंभीर रूप से घायल हो गईं। बस के परिचालक ने पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना दी, जिसके बाद घायल महिला को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि जांच के लिए बस चालक रवि भगवंत भोईसे (33) और परिचालक शैलेश सुधारकर वाघ (26) को मुलुंड पुलिस थाने ले जाया गया है।
उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस एक निजी परिचालक (मातेश्वरी) से ‘वेट-लीज’ (चालक सहित किराए पर) ली गई थी।
भाषा सुमित नरेश
नरेश

Facebook


