महाराष्ट्र पुलिस ने मादक पदार्थ नेटवर्क की जांच के दौरान तेलंगाना में अवैध फैक्टरी का खुलासा किया
महाराष्ट्र पुलिस ने मादक पदार्थ नेटवर्क की जांच के दौरान तेलंगाना में अवैध फैक्टरी का खुलासा किया
ठाणे, दो जून (भाषा) महाराष्ट्र की मीरा-भायंदर, वसई-विरार (एमबीवीवी) पुलिस ने मादक पदार्थ एमडी की तस्करी के नेटवर्क की जांच के दौरान अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश कर तेलंगाना के जहीराबाद में अवैध रूप से संचालित एक मादक पदार्थ निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई में अब तक कुल 20.72 करोड़ रुपये मूल्य का एमडी मादक पदार्थ और अन्य सामग्री जब्त की गई है, जबकि 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
एमबीवीवी पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक ने बताया कि अपराध शाखा ने चार अप्रैल को ठाणे जिले के मीरा रोड इलाके में एक घर पर छापेमारी कर 1.324 किलोग्राम एमडी मादक पदार्थ बरामद किया था, जिसकी कीमत लगभग 2.66 करोड़ रुपये है।
इस मामले में फिरदोस अरबाज कुरैशी और उसके पति अरबाज कुरैशी के खिलाफ स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ठाणे के मीरा रोड, आगरपाडा, मालवणी व मनोरी और मुंबई में की गई कार्रवाई के दौरान मादक पदार्थ, रसायन और प्रयोगशाला उपकरण सहित कुल 13.65 करोड़ रुपये की सामग्री बरामद की गई।
उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के खालापुर से संदिग्ध संदीप वीरास्वामी नायडू तथा हैदराबाद से नासिर उर्फ बाया जानिमिया रोख और महमूद मेहबूब खान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस एक बड़े नेटवर्क तक पहुंची।
अधिकारियों के अनुसार, इन गिरफ्तारियों के आधार पर पुलिस तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के जहीराबाद स्थित पिचरगड़ी टांडा के दो एकड़ क्षेत्र में फैले एक फार्महाउस तक पहुंची, जहां अवैध फैक्टरी संचालित की जा रही थी।
अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) मदन बल्लाल ने बताया, ‘‘जब हमने तेलंगाना में इस फैक्टरी का भंडाफोड़ किया, तो वहां से तीन किलोग्राम एमडी मादक पदार्थ, क्लोरोफॉर्म, एसीटोन, मोनोमेथाइलामीन, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, 2-ब्रोमो व कच्चा माल सहित 2,293 लीटर रसायन बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 6.22 करोड़ रुपये है।’’
पुलिस ने बताया कि अब तक इस मामले में कुल 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और जांच जारी है।
भाषा खारी पवनेश
पवनेश

Facebook


