महाराष्ट्र बारिश: उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने स्थिति की समीक्षा की
महाराष्ट्र बारिश: उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने स्थिति की समीक्षा की
ठाणे, 28 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की और मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों के लिए बारिश के ‘रेड अलर्ट’ के कारण कोंकण क्षेत्र की आपातकालीन प्रणालियों को तैयार रखने का निर्देश दिया।
शिंदे ने कोंकण के संभागीय आयुक्त विजय सूर्यवंशी तथा ठाणे, रायगढ़ और पालघर के कलेक्टर के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक की।
ठाणे जिला प्रशासन द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में उनके हवाले से कहा गया है, ‘‘मानव और पशुओं को नुकसान से बचाने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।’’
शिंदे ने कहा कि जिला प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहना चाहिए।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों से ठाणे, भिवंडी और उल्हासनगर नगर निगम क्षेत्र में खतरनाक इमारतों पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इसमें कहा गया है कि रायगढ़ क्षेत्र में उन्होंने भूस्खलन की आशंका होने पर तुरंत इलाके खाली कराने के निर्देश दिए।
शिंदे ने छत्रपति संभाजीनगर, बीड, नांदेड़ और अहिल्यानगर समेत मराठवाड़ा जिलों में बारिश और बाढ़ की स्थिति की भी समीक्षा की।
शिंदे ने कहा कि स्थानीय विधायकों और पदाधिकारियों को प्रभावित लोगों को भोजन और आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
भाषा देवेंद्र रंजन
रंजन

Facebook


