महाराष्ट्र: ठाणे में तीन करोड़ रुपये की चरस जब्त, कश्मीर से जुड़े गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार
महाराष्ट्र: ठाणे में तीन करोड़ रुपये की चरस जब्त, कश्मीर से जुड़े गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार
ठाणे, 10 जून (भाषा) ठाणे शहर की अपराध शाखा ने कश्मीर घाटी से जुड़े एक मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 3.03 करोड़ रुपये मूल्य की चरस और ट्रामाडोल कैप्सूल जब्त किए गए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पुलिस उपायुक्त (डीसीपी-अपराध) अमरसिंह जाधव ने बताया कि यह कार्रवाई मादक पदार्थ विरोधी एक विशेष अभियान के तहत की गई।
एक गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम ने गत आठ मई को गुजरात के अंकलेश्वर के रहने वाले फिरोज अब्दुल खान (52) को उस समय रोका, जब वह मुंब्रा की ओर जा रहा था।
जाधव ने कहा, ‘उसके पास से हमने 3.02 करोड़ रुपये मूल्य की 3.020 किलोग्राम चरस और 1,48,504 रुपये मूल्य की स्पास्मो-प्रॉक्सिवॉन आर-प्लस (जिसमें ट्रामाडोल शामिल है) की 12,984 कैप्सूल बरामद कीं। जब्त किए गए मादक पदार्थ की कुल कीमत 3,03,64,814 रुपये आंकी गई है।’
पुलिस ने बाद में जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग और कुपवाड़ा जिलों से दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, फिरोज खान को पहले भी मादक पदार्थों से जुड़े दो मामलों में दोषी ठहराया जा चुका है और वह जेल की सजा काट चुका है।
डीसीपी जाधव ने बताया, ‘प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि चरस जम्मू-कश्मीर से लाई गई थी। हम पूरी आपूर्ति श्रृंखला और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रहे हैं।’ उन्होंने बताया कि इस संबंध में स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा सुमित नरेश
नरेश

Facebook


