महाराष्ट्र : भारी बारिश से दहानू रोड-वलसाड खंड पर ट्रेन परिचालन बाधित

Ads

महाराष्ट्र : भारी बारिश से दहानू रोड-वलसाड खंड पर ट्रेन परिचालन बाधित

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 11:57 AM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 11:57 AM IST

पालघर, 23 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण पश्चिम रेलवे के दहानू रोड और पड़ोसी गुजरात के वलसाड के बीच बृहस्पतिवार सुबह रेल परिचालन प्रभावित रहा। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रमुख रेलवे पुलों पर नदियों का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंचने के बाद कई स्थानों पर ट्रेनों की आवाजाही एहतियातन नियंत्रित करनी पड़ी।

पश्चिम रेलवे की ओर से सुबह 8.35 बजे जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ट्रेन सेवाओं का संचालन नियंत्रित ढंग से किया जा रहा है।

विज्ञप्ति के अनुसार, उमरगाम रोड और घोलवड के बीच रेलवे पुल संख्या-203 पर नदी का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंचने के कारण सुबह 4.43 बजे रेल यातायात पूरी तरह रोक दिया गया था। बाद में सुबह 6.50 बजे अप और डाउन दोनों लाइनों पर परिचालन बहाल कर दिया गया।

पश्चिम रेलवे ने बताया कि इस खंड पर फिलहाल ट्रेनें 15 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति सीमा के साथ चलाई जा रही हैं।

विज्ञप्ति के अनुसार, संजान यार्ड स्थित पुल संख्या-230 पर बाढ़ का पानी खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के कारण सुबह 6.45 बजे से ट्रेन परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। इसी तरह उदवाडा और वापी के बीच पुल संख्या-284 पर भी सुबह लगभग 7.05 बजे से रेल सेवाएं रोक दी गईं।

पश्चिम रेलवे ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी और इंजीनियरिंग दल स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं तथा जलस्तर घटने और सुरक्षा की दृष्टि से अनुकूल स्थिति बनने पर पूर्ण रेल सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी।

महाराष्ट्र के पालघर क्षेत्र में रातभर हुई मूसलाधार बारिश के कारण कई कस्बों और गांवों में जलभराव हो गया, जिससे अनेक लोग फंस गए। इसके बाद प्रशासन ने बचाव अभियान तेज कर दिया और बृहस्पतिवार को स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने क्षेत्र के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी करते हुए कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश तथा 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।

भाषा

मनीषा वैभव

वैभव