महाराष्ट्र परिवहन निगम को अगले दो महीनों तक ईंधन समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा: मंत्री
महाराष्ट्र परिवहन निगम को अगले दो महीनों तक ईंधन समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा: मंत्री
मुंबई, 20 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र सरकार में मंत्री प्रताप सरनाइक ने शुक्रवार को कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बावजूद राज्य के सड़क परिवहन निकाय को बसों के संचालन के लिए डीजल की उपलब्धता में फिलहाल कोई समस्या नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि अगले दो महीनों तक ईंधन की आपूर्ति स्थिर रहेगी।
सरनाइक ने यह भी कहा कि ईंधन की आपूर्ति ठप होने की स्थिति में महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के पास कोई वैकल्पिक योजना तैयार नहीं है।
परिवहन मंत्री सरनाइक ने ‘पीटीआई-वीडियो’ सेवा से कहा, “एलपीजी गैस की कमी के कारण हमारे कई रेस्तरां बंद हो गए हैं और कई अन्य बंद होने की कगार पर हैं। मौजूदा युद्ध से निश्चित रूप से हमें कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।”
राज्य भर में लगभग 15,800 बसें परिहन निगम के अंतर्गत आती हैं।
सरनाइक ने ईंधन आपूर्ति की स्थिति पर कहा, “अब तक हमें तेल और डीजल मिल रहा है। फिलहाल हमें कोई परेशानी नहीं है।”
उन्होंने बताया, “निगम के प्रबंध निदेशक ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अधिकारियों से बात की जिन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा ईंधन का प्राथमिकता के आधार पर आवंटन पहले रक्षा विभाग को, फिर रेलवे को और तीसरे स्थान पर राज्य निगमों को किया जाता है ताकि सेवा में कोई रुकावट न आए। इससे अगले दो महीनों के लिए एमएसआरटीसी को डीजल की पूरी आपूर्ति सुनिश्चित हो जाती है।”
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


