गणेश विसर्जन के दौरान राजमार्ग अवरुद्ध करने पर भाजपा पदाधिकारी समेत 14 के खिलाफ मामला दर्ज

Ads

गणेश विसर्जन के दौरान राजमार्ग अवरुद्ध करने पर भाजपा पदाधिकारी समेत 14 के खिलाफ मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 04:00 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 04:00 PM IST

लातूर, 24 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के लातूर जिले में गणेश विसर्जन शोभायात्रा के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध करने और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों के काम में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने स्थानीय भाजपा पदाधिकारी समेत 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपियों में स्थानीय गणेश मंडल के पदाधिकारी शामिल हैं, जिन्होंने मंगलवार को शिरूर अनंतपाल तहसील के डिगोल गांव में कथित तौर पर पुलिस के निर्देशों की अवहेलना की। पुलिस ने उन्हें ‘डीजे’ बंद करने और निर्धारित समय के भीतर विसर्जन पूरा करने को कहा था।

अधिकारियों के अनुसार, बंदोबस्त ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सूचना दी कि ‘डीजे’ तेज आवाज में बज रहा है और मंडल के सदस्य जानबूझकर विसर्जन में देरी कर रहे हैं।

इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।

एक अधिकारी ने बताया कि ‘डीजे’ बंद करने और विसर्जन के लिए बार-बार कहे जाने के बावजूद मंडल के सदस्यों और शोभायात्रा में शामिल लोगों ने निर्देशों को नजरअंदाज किया, पुलिस के साथ बहस की और कथित तौर पर उनके साथ धक्का-मुक्की की।

उन्होंने बताया कि स्थिति तब और बिगड़ गई जब भाजपा के तहसील अध्यक्ष माधव बिरादार ने कथित तौर पर गांव की महिलाओं को बुलाया और भीड़ का नेतृत्व करते हुए लातूर-उदगीर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 63 को जाम कर दिया, जिससे यातायात ठप हो गया।

पुलिस ने बताया कि भाजपा नेता, गणेश मंडल के पदाधिकारियों और अन्य लोगों के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा

शुभम अविनाश

अविनाश