ठाणे, तीन अप्रैल (भाषा) नवी मुंबई में सार्वजनिक उपयोग के लिए आरक्षित एक भूखंड की अवैध बिक्री के लिए कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, कोपरखैरान क्षेत्र में स्थित यह भूखंड महाराष्ट्र के शहर एवं औद्योगिक विकास महामंडल (सीआईडीसीओ) द्वारा सार्वजनिक सेवाओं और उपयोगिताओं के लिए आरक्षित था।
पुलिस ने बताया कि उक्त भूखंड के संबंध में कथित तौर पर जाली दस्तावेज तैयार किए गए, जिनके आधार पर इसे अवैध रूप से बेचा गया और इस पर निर्माण कार्य भी कराया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में पता चला कि नवी मुंबई के नेरुल गांव निवासी प्रभाकर आत्माराम म्हात्रे (59) ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर सीआईडीसीओ के भूखंड की अवैध बिक्री में मदद की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को बुधवार को हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव