मैनहोल में गिरने से व्यक्ति की मौत गैर-इरादतन हत्या के समान: महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष

मैनहोल में गिरने से व्यक्ति की मौत गैर-इरादतन हत्या के समान: महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष

मैनहोल में गिरने से व्यक्ति की मौत गैर-इरादतन हत्या के समान: महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष
Modified Date: July 2, 2026 / 04:10 pm IST
Published Date: July 2, 2026 4:10 pm IST

मुंबई, दो जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने मुंबई में मैनहोल में गिरने से एक व्यक्ति की मौत को बृहस्पतिवार को गंभीर और गैर-इरादतन हत्या का मामला बताया।

एक सदस्य की ओर से उठाए गए इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने राज्य सरकार को सदन की दिनभर की कार्यवाही समाप्त होने से पहले घटना के बारे में विस्तृत बयान देने के लिए कहा।

एक अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर शहर में भारी बारिश के बीच मैनहोल में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।

घटना चांदीवली इलाके में हुई जहां जलभराव के कारण व्यक्ति को खुले मैनहोल का पता नहीं चल सका और वह उसमें गिरकर बह गया।

अधिकारी ने बताया कि अग्निशमन दल और नगर निगम की आपदा प्रबंधन टीम ने संयुक्त रूप से खोज एवं बचाव अभियान चलाया, जिसके बाद व्यक्ति का शव बरामद कर लिया गया।

भाजपा विधायक अमीत सातम ने विधानसभा में यह मुद्दा उठाया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल आपराधिक कार्रवाई शुरू करने की मांग की।

सातम ने सदन को बताया कि यह घटना क्षेत्र में खैरानी रोड पर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा कराए जा रहे जलनिकासी कार्य के दौरान हुई।

उन्होंने कहा कि मृतक की पहचान साकीनाका के यादव नगर के निवासी असलम इस्हाक शेख के रूप में हुई है।

सातम ने तुरंत एक प्राथमिकी दर्ज करने और कार्य प्रभारी बीएमसी अधिकारी को निलंबित करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि कथित लापरवाही के लिए केवल निलंबन पर्याप्त नहीं होगा और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाना चाहिए।

मुंबई में इसी तरह की घटनाओं का उल्लेख करते हुए भाजपा विधायक ने कहा कि मानसून के दौरान खुले मैनहोल और गड्ढे लगातार जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं।

उन्होंने सरकार से केवल जांच के आदेश देने के बजाय तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया।

नार्वेकर ने मैनहोल के कारण हुई मौत को गंभीर मामला बताया और कहा कि यह ‘गैर-इरादतन हत्या’ के समान है।

उन्होंने सरकार से यह भी कहा कि दिन की कार्यवाही समाप्त होने से पहले इस घटना पर सदन में विस्तृत बयान दिया जाए।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश


लेखक के बारे में