महाराष्ट्र के पालघर में सड़क पर व्यक्ति की चाकू और पत्थर मार कर हत्या

Ads

महाराष्ट्र के पालघर में सड़क पर व्यक्ति की चाकू और पत्थर मार कर हत्या

  •  
  • Publish Date - February 22, 2026 / 09:52 PM IST,
    Updated On - February 22, 2026 / 09:52 PM IST

पालघर, 22 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक व्यस्त सड़क पर गिरोह से संबंधित हिंसा में 31 वर्षीय व्यक्ति पर चाकू से वार कर और पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस सिलसिले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और शुक्रवार देर रात नालासोपारा इलाके में हुई इस जघन्य हत्या में शामिल कई अन्य लोगों की तलाश जारी है।

सोशल मीडिया पर वायरल सीसीटीवी फुटेज में व्यक्तियों का एक समूह एक ऑटो रिक्शा को रोककर पीड़ित को बाहर खींचता है, उस पर चाकू से वार करता है और पत्थरों से हमला करता है।

अधिकारी ने बताया कि नालासोपारा पूर्व के गाला नगर निवासी शुभम मिश्रा ऑटो रिक्शा में यात्रा कर रहे थे, तभी प्रतिद्वंद्वी गिरोह के आरोपियों ने सिगरेट मांगने के बहाने वाहन को रोक लिया।

उन्होंने कहा, ‘‘आरोपियों ने मिश्रा को बाहर खींच लिया और चाकू और बड़े पत्थरों से उन पर हमला किया।’’

अधिकारी ने बताया कि मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां आधी रात के आसपास इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना के सिलसिले में एक मामला दर्ज किया गया है।

भाषा

सुभाष दिलीप

दिलीप