पालघर, 29 मई (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक निर्माण कंपनी के मालिक द्वारा ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या करने के सिलसिले में एक व्यवसायी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पालघर रेलवे पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि निर्माण कंपनी के मालिक सुदर्शन गवली (44) ने 11 मई को ट्रेन के सामने छलांग लगा दी थी। इससे पहले उसने अपने साथी को व्हाट्सएप संदेश भेजकर धनेश भोइर पर उसे यह कदम उठाने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया था।
अधिकारी ने बताया कि गवली की कंपनी को विरार और दहानू के बीच रेलवे लाइन की नींव से जुड़े कार्य का ठेका मिला था और भोइर उसका मुख्य सामग्री आपूर्तिकर्ता था।
अधिकारी ने बताया, ‘गवली और उसके साथी पर भोइर का 6.24 लाख रुपये का कर्ज था, जिसे उसने गहने आदि गिरवी रखकर बड़ी मुश्किल से चुकाया। हालांकि, 5.66 लाख रुपये चुकाने के बावजूद उसे भुगतान के लिए परेशान किया जा रहा था। परेशान होकर गवली ने आत्महत्या कर ली।’
अधिकारी ने बताया कि गवली के भाई की 26 मई की शिकायत के आधार पर भोइर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। उसे अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है।
भाषा शुभम मनीषा
मनीषा