मोदी कभी अकेले नहीं होते, केंद्रीय एजेंसियां, ‘गोल्डन गैंग’ उनके साथ, कोश्यारी इसके सदस्य: शिवसेना

मोदी कभी अकेले नहीं होते, केंद्रीय एजेंसियां, ‘गोल्डन गैंग’ उनके साथ, कोश्यारी इसके सदस्य: शिवसेना

मोदी कभी अकेले नहीं होते, केंद्रीय एजेंसियां, ‘गोल्डन गैंग’ उनके साथ, कोश्यारी इसके सदस्य: शिवसेना
Modified Date: February 14, 2023 / 12:39 am IST
Published Date: February 14, 2023 12:39 am IST

पुणे (महाराष्ट्र), 13 फरवरी (भाषा) शिवसेना ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस टिप्पणी पर चुटकी ली कि वह अकेले ही विरोधियों पर भारी पड़ते हैं और कहा कि मोदी कभी अकेले नहीं होते, क्योंकि विपक्ष को निशाना बनाने के लिए उनके पास केंद्रीय एजेंसियां हैं और एक ‘गोल्डन गैंग’ भी है।

शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ के संपादकीय में कहा गया है कि महाराष्ट्र में शिवसेना से लड़ते हुए प्रधानमंत्री मोदी कभी अकेले नहीं थे, बल्कि (निवर्तमान) राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी उनके ‘‘गोल्डन गैंग’’ के सदस्य थे।

शिवसेना ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी छाती ठोक के कहा कि वह अकेले लड़ रहे हैं और विरोधियों पर भारी हैं, लेकिन यह सच नहीं है। उनके पास विरोधियों को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के रूप में पालतू जानवर जैसे सांप, बिच्छू और मगरमच्छ हैं।’’

शिवसेना की यह तीखी आलोचना प्रधानमंत्री द्वारा राज्यसभा में यह कहे जाने के कुछ दिनों बाद आई है कि उनके विरोधियों द्वारा लगाए गए आरोपों की ‘‘कीचड़’’ केवल कमल को और अधिक खिलने में मदद करेगी और जोर देकर कहा कि वह अकेले उन सभी पर भारी पड़ते हैं, जिन्हें बार-बार उनका विरोध करने के लिए नारे लगाने पड़ते हैं।’’

संपादकीय में कहा गया है, ‘‘गोल्डन गैंग के सदस्यों को (विपक्ष के खिलाफ) लड़ने के लिए लाभ के पद और लालच देना बहादुरी नहीं है।’’

शिवसेना ने यह भी कहा कि ऐसे ‘‘छाती पीटना’’ प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता है।

भाषा सुरभि सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में