मुंबई, 29 सितंबर (भाषा) मुंबई में 12 और 13 दिसंबर को दो दिवसीय हास्य महोत्सव ‘हाहाकार’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के 30 से अधिक प्रमुख हास्य कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
आयोजक डिजिटल मनोरंजन कंपनी ‘फिल्टरकॉपी’ ने एक बयान में बताया कि मुकेश मिल्स में आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय महोत्सव में तीन अलग-अलग मंचों पर 30 से अधिक हास्य कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
इसके अलावा कार्यक्रम में खेल, भोजन, ‘पॉप-अप’ (अस्थायी स्टॉल), दर्शकों के साथ सीधे संवाद वाले कार्यक्रम, समुद्र किनारे बैठने की जगह और मुख्य कार्यक्रम के बाद होने वाली पार्टी भी अन्य आकर्षण रहेंगे।
महोत्सव में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों में हर्ष गुजराल, मुनव्वर फारूकी, आकाश गुप्ता, बिस्वा कल्याण रथ, मनहर सेठ, अतुल खत्री, आदर मलिक, रोहित शाह, प्रशस्ति सिंह, श्रीजा चतुर्वेदी, सपन वर्मा, उरूज अशफाक, गुरलीन पन्नू, ओंकार यादव और श्रेया प्रियं रॉय के साथ-साथ कई उभरते हुए हास्य कलाकार शामिल हैं। इसके अलावा कुछ विशेष अतिथि ऐसे भी होंगे जिनके नाम फिलहाल जारी नहीं किए गए हैं।
आयोजकों के अनुसार, ‘हाहाकार’ पारंपरिक स्टैंड-अप कार्यक्रम से अलग होगा। इसमें हास्य के विभिन्न रूपों को खेल, खान-पान, इंटरनेट संस्कृति और ‘नाइटलाइफ’ के साथ जोड़ा जाएगा।
इस महोत्सव के टिकट ‘डिस्ट्रिक्ट’ ऐप पर उपलब्ध हैं, जिनकी शुरुआती कीमत 3,999 रुपये है।
भाषा सुमित प्रशांत
प्रशांत