मुंबई, 25 मई (भाषा) दक्षिण मुंबई के ‘टॉवर ऑफ साइलेंस’ में कथित तौर पर अवैध तरीके से घुसकर पारसी अंतिम संस्कार विधि का वीडियो बनाने और ‘‘आपत्तिजनक’’ टिप्पणी करने के आरोप में एक कंटेट क्रिएटर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामला तब सामने आया जब बॉम्बे पारसी पंचायत के एक न्यासी को उनके किसी मित्र ने उस वीडियो का इंस्टाग्राम लिंक भेजा, जो कथित तौर पर मालाबार हिल स्थित ‘टॉवर ऑफ साइलेंस’ में बनाया गया था।
पंचायत के न्यासी की शिकायत के अनुसार आरोपी प्रिंस शीतल प्रसाद कनौजिया ने कमला नेहरू पार्क के रास्ते निजी और प्रतिबंधित डूंगरवाडी परिसर में अवैध रूप से प्रवेश किया और बिना अनुमति के पारसी अंतिम संस्कार विधि का वीडियो बनाया।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि वीडियो में ‘‘आपत्तिजनक’’ टिप्पणियां की गई थीं, जिनसे न केवल पारसी समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं, बल्कि मृतक की गरिमा को भी ठेस पहुंची।
अधिकारी ने बताया कि कनौजिया यूट्यूब और इंस्टाग्राम दोनों पर कंटेट बनाता है। आरोपी द्वारा सोशल मीडिया पर डाली गई सामग्री हटाने के लिए साइबर पुलिस की सेवा ली गई है और मामले की जांच जारी है।
भाष खारी वैभव
वैभव