मुंबई मेट्रो की लाइन नौ और दो ‘बी’ यात्रियों के लिए खुली
मुंबई मेट्रो की लाइन नौ और दो 'बी' यात्रियों के लिए खुली
मुंबई, आठ अप्रैल (भाषा) मुंबई मेट्रो के कॉरिडोर नौ और दो ‘बी’ के पहले चरण में बुधवार सुबह वाणिज्यिक परिचालन शुरू हो गया जिसका महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक दिन पहले उद्घाटन किया था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मेट्रो-नौ मुंबई के एक उपनगर और ठाणे शहर के एक हिस्से के बीच पहली सीधी कनेक्टिविटी वाला मार्ग है, वहीं लाइन दो ‘बी’ मुंबई में हार्बर लाइन पर पहली मेट्रो कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।
मेट्रो लाइन-नौ के 5.6 किलोमीटर ऊंचे चरण-एक खंड में चार स्टेशन शामिल हैं – दहिसर पूर्व, पांडुरंगवाड़ी, मीरागांव और काशीगांव। मेट्रो लाइन दो ‘बी’ के 5.53 किलोमीटर लंबे चरण-एक में पांच स्टेशन हैं, जिनमें देशभक्त एनजी आचार्य उद्यान (डायमंड गार्डन), छत्रपति शिवाजी महाराज चौक, देवनार, मानखुर्द और महाराष्ट्र नगर-मंडले शामिल हैं।
मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के अनुसार, लाइन नौ से ठाणे जिले के मीरा-भायंदर और मुंबई के बीच यात्रा का समय वर्तमान एक से दो घंटे से घटकर लगभग 30 मिनट हो जाएगा। 6,607 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह लाइन अन्य लाइनों से जुड़कर अंततः दक्षिण मुंबई को निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।
दो नई लाइनों के जुड़ने से मुंबई का परिचालन मेट्रो नेटवर्क छह कॉरिडोर तक विस्तारित हो गया है, जिसमें लाइन एक (घाटकोपर-अंधेरी-वर्सोवा), लाइन दो ‘ए’ (अंधेरी पश्चिम-दहिसर पूर्व), लाइन सात (दहिसर पूर्व-अंधेरी पूर्व) और भूमिगत लाइन तीन (कोलाबा-बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स-एसईईपीजेड) शामिल हैं।
एमएमआरडीए के अनुसार, लाइन दो ‘ए’ और लाइन सात के लिए संशोधित समय सारिणी बुधवार से प्रभावी हो गई है, जिसका उद्देश्य आवृत्ति, पूर्वानुमान और समग्र यात्री अनुभव में सुधार करना है।
इसमें कहा गया है कि लाइन नौ के उद्घाटन के साथ, मेट्रो लाइन दो ‘ए’ अब अंधेरी पश्चिम और दहिसर पूर्व के बीच एक स्वतंत्र कॉरिडोर के रूप में संचालित होगी, जिसमें सुबह 5.50 बजे से रात लगभग 11 बजे तक सेवाएं उपलब्ध होंगी और आवाजाही बढ़ने के समय में लगभग छह मिनट में प्लेटफॉर्म पर मेट्रो आएगी।
एमएमआरडीए ने कहा कि लाइन सात को लाइन नौ के साथ एकीकृत करने से अंधेरी पूर्व से मीरा-भायंदर तक सीधी कनेक्टिविटी संभव हो सकेगी, जबकि लाइन दो ‘ए’ और सात अलग-अलग कॉरिडोर के रूप में काम करेंगी।
भाषा तान्या वैभव
वैभव

Facebook


