मुंबई, छह जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने सोमवार को आरोप लगाया कि मुंबई में हाल ही में बारिश के कारण लोगों की मौत के मामले नागरिकों की सुरक्षा करने में राज्य सरकार और नागरिक प्रशासन की विफलता को दर्शाते हैं।
वडेट्टीवार ने मानखुर्द में रविवार को एक चॉल ढहने की घटना, जिसमें छह लोगों की जान चली गई थी, का हवाला देते हुए कहा कि यह कोई अकेली दुर्घटना नहीं थी, बल्कि पुरानी और खतरनाक इमारतों से निपटने में बरती गई लापरवाही का नतीजा थी।
उन्होंने एक बयान में कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या उस इमारत को असुरक्षित घोषित किया गया था और यदि ऐसा था, तो निवासियों को किसी सुरक्षित स्थान पर क्यों नहीं स्थानांतरित किया गया।
कांग्रेस नेता ने ध्यान दिलाया कि पिछले छह दिनों में मुंबई में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 10 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें मकान ढहने, पेड़ों के गिरने और खुले मैनहोल के कारण हुई मौतें शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए कि प्रशासनिक कमियों या लापरवाही की कीमत लोगों को अपनी जान देकर नहीं चुकानी पड़े।
वडेट्टीवार ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और कहा कि सरकार को सिर्फ जांच और मुआवजे की घोषणा करने से आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से तुरंत जर्जर इमारतों का सुरक्षा ऑडिट कराने और मानसून के दौरान ऐसी त्रासदियों को रोकने के लिए प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
मुंबई में पिछले दो दिनों में पेड़ गिरने की घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 जून को एक पेड़ उखड़कर चलती स्कूल बस पर गिरने से 11 वर्षीय बच्चे की जान चली गई थी।
वहीं, रविवार को मुंबई के मानखुर्द इलाके में एक चॉल ढहने से छह लोगों की मौत हो गई।
भाषा तान्या वैभव
वैभव