(EPFO Discontinues UAN Activation/ Image Credit: AI-generated)
नई दिल्ली: EPFO Discontinues UAN Activation: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने नौकरीपेशा लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब यूनिफाइड मेंबर पोर्टल पर यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) को एक्टिवेट करने और नया UAN जारी करने की सुविधा बंद कर दी गई है। पहले यह काम वेबसाइट के जरिए आसानी से किया जाता था। लेकिन अब यह प्रक्रिया पूरी तरह बदल दी गई है। ईपीएफओ का कहना है कि यह कदम सिस्टम को अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने के लिए उठाया गया है।
नई व्यवस्था के तहत अब UAN एक्टिवेशन और नया UAN जनरेट करने का काम UMANG मोबाइल ऐप के जरिए किया जाएगा। इसमें आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन को अनिवार्य कर दिया गया है। यानी अब यूजर को अपने चेहरे की पहचान के जरिए वेरिफिकेशन पूरा करना होगा। ईपीएफओ का उद्देश्य इस बदलाव से फर्जीवाड़े को रोकना और प्रक्रिया को ज्यादा सुरक्षित बनाना है।
यूजर को सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में UMANG ऐप डाउनलोड करना होगा और मोबाइल नंबर से लॉगिन करना होगा। इसके बाद ‘EPFO Services’ सेक्शन में जाकर ‘UAN Services Through Face Authentication’ विकल्प चुनना होगा। फिर UAN एक्टिवेशन पर क्लिक करके अपना 12 अंकों का UAN नंबर, आधार नंबर और आधार से लिंक मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद नियम और शर्तों को स्वीकार करके कैमरे से फेस स्कैन करना होगा। सफल वेरिफिकेशन के बाद UAN एक्टिवेट हो जाएगा और मैसेज मिल जाएगा।
EPFO ने साफ किया है कि यह बदलाव सुरक्षा और यूजर अनुभव को बेहतर करने के लिए किया गया है। अब आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन से पहचान और भी मजबूत होगी। इसके लिए जरूरी है कि आधार मोबाइल नंबर से लिंक हो और सभी डिटेल्स EPFO रिकॉर्ड से मेल खाती हों। साथ ही यूजर के पास एक अच्छा कैमरा और इंटरनेट वाला स्मार्टफोन होना जरूरी है ताकि प्रक्रिया में कोई दिक्कत न आए।
हालांकि UAN एक्टिवेशन और अलॉटमेंट की सुविधा पोर्टल से हटा दी गई है लेकिन अन्य सेवाएं अभी भी उपलब्ध रहेंगी। यूजर ‘Know Your UAN’ सेवा का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा डेथ क्लेम फाइल करने की सुविधा भी जारी रहेगी। साथ ही अगर किसी को अपना UAN याद नहीं है तो उसे मोबाइल नंबर और पहचान सत्यापन के जरिए आसानी से रिकवर किया जा सकता है।