मुंबई के कई इलाकों में 24 घंटे में 100 मिमी से अधिक बारिश, उपनगरीय रेल सेवाएं प्रभावित

मुंबई के कई इलाकों में 24 घंटे में 100 मिमी से अधिक बारिश, उपनगरीय रेल सेवाएं प्रभावित

मुंबई के कई इलाकों में 24 घंटे में 100 मिमी से अधिक बारिश, उपनगरीय रेल सेवाएं प्रभावित
Modified Date: July 1, 2026 / 10:59 am IST
Published Date: July 1, 2026 10:59 am IST

मुंबई, एक जुलाई (भाषा) मुंबई के कई हिस्सों में बुधवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि में 100 मिलीमीटर से अधिक भारी बारिश हुई जिसके कारण अंधेरी सबवे और कुछ अन्य निचले इलाकों में जलभराव हो गया और इस वजह से मार्ग में परिवर्तन करना पड़ा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं यातायात (बेस्ट) बसें सामान्य रूप से संचालित हुईं, जबकि मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे में उपनगरीय रेल सेवाएं कुछ देरी से चल रही हैं।

उन्होंने बताया कि नवी मुंबई को मुंबई के हिस्सों से जोड़ने वाली हार्बर लाइन पर विद्युत तार (ओएचई) टूटने के कारण रेल सेवाएं सुबह चार बजकर 52 मिनट से पांच बजकर 45 मिनट के बीच बाधित हुईं।

बृहन्मुंबई महानगर पालिका ने बताया कि मंगलवार सुबह आठ बजे से बुधवार सुबह आठ बजे के बीच पूर्वी उपनगरों में औसतन 109 मिलीमीटर, पश्चिमी उपनगरों में 87 मिलीमीटर और मुंबई में 86 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

महानगर में स्थापित स्वचालित वर्षा माप प्रणालियों के आंकड़ों का हवाला देते हुए बीएमसी ने बताया कि मानखुर्द में इस अवधि के दौरान सबसे अधिक 170.4 मिलीमीटर बारिश हुई। मुंबई के भायखला में 162.52 मिलीमीटर, मुंबई मध्य क्षेत्र में 142.43 मिलीमीटर और वडाला में 127 मिलीमीटर बारिश हुई।

वहीं, पश्चिमी उपनगरों में बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) क्षेत्र और बोरिवली में क्रमशः 132.4 मिलीमीटर और 126 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। डिंडोशी फायर स्टेशन क्षेत्र में 123 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।

बुधवार सुबह सात बजे से आठ बजे के बीच, मुंबई और पूर्वी उपनगरों में हल्की से भारी बारिश हुई, जबकि पश्चिमी उपनगरों के कुछ हिस्सों में अधिक तेज बारिश हुई।

बीएमसी के अनुसार, इस एक घंटे के दौरान सबसे अधिक बारिश अंधेरी पश्चिम (39 मिलीमीटर) में दर्ज की गई। इसके अलावा अंधेरी पूर्व में 34 मिलीमीटर और बांद्रा पश्चिम में 24 मिलीमीटर बारिश हुई।

अधिकारियों ने बताया कि अंधेरी सबवे और कुछ अन्य निचले इलाकों में पानी भर गया, जिसके कारण एहतियात के तौर पर कुछ चुनिंदा हिस्से में यातायात को दूसरे रास्तों पर मोड़ दिया गया ।

भाषा खारी वैभव

वैभव


लेखक के बारे में