महाराष्ट्र में नगर निगम का अधिकारी ढाई लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

महाराष्ट्र में नगर निगम का अधिकारी ढाई लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

महाराष्ट्र में नगर निगम का अधिकारी ढाई लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार
Modified Date: June 10, 2026 / 12:45 pm IST
Published Date: June 10, 2026 12:45 pm IST

ठाणे, दस जून (भाषा) भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने महाराष्ट्र में भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका के एक वरिष्ठ अधिकारी को कथित तौर पर एक अवैध निर्माण को नजरअंदाज करने के लिए ढाई लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एसीबी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

आरोपी की पहचान सुरेंद्र भास्कर भोईर के रूप में हुई है जो सर्वेक्षक-सह-भवन निरीक्षक के रूप में कार्यरत थे और उनके पास सहायक निगम आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी था।

आरोपी अधिकारी ने कथित तौर पर एक निर्माण स्थल के सुपरवाइजर से कथित अनियमितताओं को लेकर इमारत को ढहाने या दंडात्मक कार्रवाई से बचाने के लिए पांच लाख रुपये की मांग की थी।

ठाणे एसीबी के निरीक्षक सचिन मोरे ने बताया कि बातचीत के बाद आरोपी अधिकारी रिश्वत की रकम किश्तों में लेने पर सहमत हो गया।

रिश्वत देने के अनिच्छुक सुपरवाइजर ने मंगलवार को ठाणे एसीबी इकाई में शिकायत दर्ज कराई।

अधिकारी ने बताया कि भ्रष्टाचार निरोधक टीम ने मंगलवार शाम को पद्मा नगर स्थित एक नागरिक वार्ड कार्यालय में जाल बिछाया और भोईर को वार्ड कार्यालय परिसर के पीछे खड़ी एक निजी कार के अंदर शिकायतकर्ता से ढाई लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा

Intern वैभव

वैभव


लेखक के बारे में