नागपुर, 24 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को निशाना बनाते हुए आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में पुलिस ने नागपुर निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की पहचान मानेवाडा निवासी आयुष रमेशचंद्र अग्रवाल के रूप में हुई है।
यह मामला सुमितकुमार राकेशकुमार चौहान की शिकायत के बाद दर्ज किया गया था, जो अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारी होने का दावा करते हैं।
पुलिस ने बताया कि चौहान 18 अप्रैल को नागपुर आए थे और उन्होंने ‘एसके चव्हाण’ नाम के एक यूजर द्वारा फेसबुक पर पोस्ट किया गया एक वीडियो देखा।
पुलिस के अनुसार, वीडियो में नागपुर से लोकसभा सदस्य गडकरी के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां थीं।
चौहान ने बाद में पुलिस से संपर्क किया और औपचारिक शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर धंतोली पुलिस ने अग्रवाल के खिलाफ कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
धंतोली पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हम वीडियो और जिस सोशल मीडिया अकाउंट से इसे प्रसारित किया गया है, उसकी जांच कर रहे हैं।’’
भाषा शफीक पवनेश
पवनेश