नागपुर के छात्रों ने सशस्त्र बलों के सम्मान में बनाई 75 फुट लंबी पर्यावरण अनुकूल राखी

नागपुर के छात्रों ने सशस्त्र बलों के सम्मान में बनाई 75 फुट लंबी पर्यावरण अनुकूल राखी

नागपुर के छात्रों ने सशस्त्र बलों के सम्मान में बनाई 75 फुट लंबी पर्यावरण अनुकूल राखी
Modified Date: August 28, 2026 / 06:00 pm IST
Published Date: August 28, 2026 6:00 pm IST

नागपुर, 28 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के नागपुर में एक निजी स्कूल के करीब 400 छात्रों ने देशभक्ति, पर्यावरण को लेकर जागरूकता और सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान के संदेश को समेटे 75 फुट लंबी पर्यावरण अनुकूल राखी तैयार की है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

ललिता पब्लिक स्कूल के छात्रों ने यह विशाल राखी पूरी तरह से अपशिष्ट और प्राकृतिक सामग्री से तैयार की है। इसमें बांस, नारियल के छिलके और कागज जैसी सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। राखी के बीच में युवा शक्ति, हरित भविष्य संदेश लिखा गया है। इसमें सेना के टैंक, नौसेना पोत एवं विमानों के चित्र भी बनाए गए हैं।

स्कूल निदेशक चेतना टांक ने ‘पीटीआई वीडियो’ से बताया कि लकड़ी की पतली परत और छात्रों द्वारा तैयार की गई सैकड़ों छोटी कागज की राखियों को जोड़कर यह विशाल राखी बनाई गई है।

टांक ने कहा, ‘बच्चों ने अलग-अलग संदेश लिखे थे। इनमें कुछ देशभक्ति से जुड़े थे, कुछ सशस्त्र बलों के सम्मान में थे और कुछ युवाओं को प्रोत्साहित करने वाले थे। शिक्षकों और छात्रों ने इन सभी को एक साथ जोड़कर एक विशाल राखी तैयार की।’

उन्होंने बताया कि इसमें इस्तेमाल की गई सामग्री पर्यावरण अनुकूल है और मुख्य रूप से ऐसी वस्तुओं को दोबारा उपयोग में लाकर तैयार की गई है, जिन्हें लोग आमतौर पर फेंक देते हैं।

भाषा

शुभम माधव

माधव


लेखक के बारे में