टीसीएस मामले में महिला की तलाश के लिए मुंब्रा पहुंची नासिक पुलिस, पति से की पूछताछ

Ads

टीसीएस मामले में महिला की तलाश के लिए मुंब्रा पहुंची नासिक पुलिस, पति से की पूछताछ

  •  
  • Publish Date - April 17, 2026 / 11:18 PM IST,
    Updated On - April 17, 2026 / 11:18 PM IST

ठाणे, 17 अप्रैल (भाषा) नासिक पुलिस की अपराध शाखा की एक टीम टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के एक कार्यालय में कथित धर्मांतरण और यौन उत्पीड़न से जुड़े मामले में आरोपी महिला का पता लगाने के लिए बृहस्पतिवार को ठाणे जिले के मुंब्रा पहुंची और उसके पति से पूछताछ की।

इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा कि फरार आरोपी महिला पर नासिक में दर्ज शिकायतों के बाद नजर रखी जा रही है, जहां टीसीएस का कार्यालय स्थित है।

नासिक अपराध शाखा की टीम महिला का पता लगाने के लिए फिलहाल मुंब्रा में डेरा डाले हुए है। महिला पिछले दो महीने से वहीं रह रही थी। पुलिस को आशंका है कि वह गिरफ्तारी से बचने के लिए स्थान बदल रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिला के पति से उसके घर पर पूछताछ की गई और उससे पत्नी के ठिकाने के बारे में जानकारी ली गई।

अधिकारी के अनुसार, पति ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी किसी रिश्तेदार के घर गई है, लेकिन जब पुलिस टीम उस रिश्तेदार के घर पहुंची, तो वह बंद मिला। साथ ही आरोपी महिला और उसके रिश्तेदार दोनों के मोबाइल फोन भी बंद पाए गए।

मामला सामने आने के बाद पिछले सप्ताह नासिक पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। यह जांच टीसीएस के कार्यालय में काम करने वाली आठ महिला कर्मचारियों की शिकायतों पर आधारित है, जिन्होंने आरोप लगाया है कि वरिष्ठ सहकर्मियों ने उनका मानसिक व यौन उत्पीड़न किया और मानव संसाधन विभाग ने उनकी शिकायतों को नजरअंदाज किया।

इसके साथ ही कंपनी परिसर में कथित तौर पर जबरन धर्मांतरण कराए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं।

पुलिस ने अब तक टीसीएस के आठ कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें सात पुरुष और एक महिला शामिल हैं। एक अन्य महिला कर्मचारी फरार है और पुलिस उसे तलाश रही है।

नासिक पुलिस ने फरार महिला की तलाश के लिए तीन टीम गठित की हैं, जिन्हें अलग-अलग स्थानों पर भेजा गया है, जिनमें से एक टीम मुंब्रा पहुंची है।

एसआईटी कुल नौ मामलों की जांच कर रही है, जिनमें शोषण, जबरन धर्मांतरण की कोशिश, धार्मिक भावनाएं आहत करना, छेड़छाड़ और महिला कर्मचारियों के मानसिक उत्पीड़न के आरोप शामिल हैं।

टीसीएस ने कहा है कि वह लंबे समय से किसी भी प्रकार के उत्पीड़न और दबाव के संबंध में कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाए हुए है और नासिक कार्यालय की घटना में कथित रूप से शामिल कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है।

टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने इस मामले को “गंभीर रूप से चिंताजनक और पीड़ादायक” बताया और कहा कि तथ्यों का पता लगाने और जिम्मेदार लोगों की पहचान के लिए कंपनी की मुख्य परिचालन अधिकारी अराथी सुब्रमण्यम के नेतृत्व में विस्तृत जांच जारी है।

भाषा जोहेब नेत्रपाल

नेत्रपाल