नवी मुंबई के हॉस्टल में नर्स पर मूर्तियों का अपमान करने का आरोप

Ads

नवी मुंबई के हॉस्टल में नर्स पर मूर्तियों का अपमान करने का आरोप

  •  
  • Publish Date - June 10, 2026 / 03:39 PM IST,
    Updated On - June 10, 2026 / 03:39 PM IST

ठाणे, 10 जून (भाषा) नवी मुंबई के एक निजी अस्पताल में काम करने वाली एक नर्स के खिलाफ कथित रूप से हिंदू मूर्तियों के अपमान के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि कथित घटना नेरुल क्षेत्र स्थित एक हॉस्टल में हुई थी।

एक अधिकारी ने मंगलवार को दर्ज की गई प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि आरोपी ने अपनी रूममेट द्वारा रखी गई मूर्तियों पर आपत्ति जताई थी। पांच जून को उसने कथित तौर पर उन मूर्तियों को हटा दिया और उनका अपमान किया।

अस्पताल प्रबंधन ने अगले दिन नर्स को निलंबित कर दिया, लेकिन आरोप है कि वह फिर से कमरे में अपना सामान लेने के लिए घुसी और उसने मूर्तियों को दोबारा फर्श पर फेंक दिया तथा हिंसक धमकियां दीं।

उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 298 (किसी पूजा स्थल या पवित्र वस्तु को जानबूझकर नुकसान पहुंचाना, नष्ट करना या अपवित्र करना) और धारा 351(2) (आपराधिक धमकी से संबंधित) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

नेरुल पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा, “इस मामले की जांच जारी है।”

वहीं, दक्षिणपंथी संगठनों ने उस नर्स की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है, जो ईसाई समुदाय से संबंध रखती है।

भाषा तान्या मनीषा वैभव

वैभव