‘नौसेना अग्निपथ योजना के तहत पहले साल में 3,000 ‘अग्निवीरों’ की भर्ती करेगी’

Ads

'नौसेना अग्निपथ योजना के तहत पहले साल में 3,000 ‘अग्निवीरों’ की भर्ती करेगी'

  •  
  • Publish Date - June 15, 2022 / 08:18 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:25 PM IST

मुंबई, 15 जून (भाषा) नौसेना केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई अग्निपथ योजना के तहत इस साल 3,000 ‘अग्निवीरों’ की भर्ती करेगी। पश्चिमी नौसेना के कमांडर-इन-चीफ वाइस एडमिरल अजेंद्र बहादुर सिंह ने बुधवार को यह जानकारी दी।

नयी योजना के तहत इस साल कुल 46,000 अग्निवीरों की भर्ती की जानी है।

सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि नौसेना की स्वीकृत संख्या के आधार पर उम्मीदवारों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

नौसेना अधिकारी ने कहा, ‘‘योजना नयी है और हमें खुद को इसके अनुकूल बनाना होगा। नौसेना पहले वर्ष में 3,000 (कार्मिक) की भर्ती करने जा रही है। वायु सेना 3,500 की भर्ती करेगी जबकि सेना 40,000 की भर्ती करेगी। यह पहले वर्ष की संख्या है।’’

सिंह ने उम्मीद जतायी कि कार्मिकों की संख्या में इजाफा हो सकता है।

सिंह ने कहा कि यह योजना युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर है क्योंकि उन्हें जो कौशल और काम करने का मौका मिलेगा, वह ‘‘जीवन बदलने वाला और उनके करियर के लिए फायदा पहुंचाने वाला’’ साबित होगा।

गौरतलब है कि सरकार ने दशकों पुरानी रक्षा भर्ती प्रक्रिया में आमूलचूल परिवर्तन करते हुए थलसेना, नौसेना और वायुसेना में सैनिकों की भर्ती संबंधी ‘अग्निपथ’ योजना की मंगलवार को घोषणा की थी, जिसके तहत सैनिकों की भर्ती चार साल की लघु अवधि के लिए संविदा आधार पर की जाएगी।

योजना के तहत तीनों सेनाओं में इस साल करीब 46,000 सैनिक भर्ती किए जाएंगे। चयन के लिए पात्रता आयु साढ़े 17 वर्ष से 21 वर्ष के बीच होगी और इन्हें ‘अग्निवीर’ नाम दिया जाएगा।

भाषा शफीक पवनेश

पवनेश