नीट पेपर लीक: लातूर पुलिस ने कोचिंग कक्षा के कर्मचारियों से पूछताछ की

नीट पेपर लीक: लातूर पुलिस ने कोचिंग कक्षा के कर्मचारियों से पूछताछ की

नीट पेपर लीक: लातूर पुलिस ने कोचिंग कक्षा के कर्मचारियों से पूछताछ की
Modified Date: May 13, 2026 / 09:24 pm IST
Published Date: May 13, 2026 9:24 pm IST

लातूर, 13 मई (भाषा) महाराष्ट्र के लातूर जिले में पुलिस ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-स्नातक (यूजी) 2026 के कथित प्रश्न पत्र लीक के संबंध में कोचिंग कक्षा के कर्मचारियों सहित छह लोगों से पूछताछ की है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

लातूर शहर कोचिंग के केंद्र के रूप में जाना जाता है और पूरे महाराष्ट्र से छात्र कोचिंग के लिए यहां आते हैं।

संभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) समीर सिंह साल्वे ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि कुल छह लोगों से पूछताछ की गई और उनके बयान दर्ज किए गए।

स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली नीट (यूजी) 2026 परीक्षा तीन मई को हुई थी और मंगलवार को पेपर लीक के आरोपों के बीच रद्द कर दी गई।

एक छात्र के अभिभावक ने मंगलवार को यहां पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें दावा किया गया कि लातूर के एक निजी कोचिंग संस्थान द्वारा आयोजित मॉक टेस्ट में पूछे गए 42 प्रश्न नीट परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों के समान थे।

साल्वे ने बताया कि उन्होंने छात्रों, कोचिंग कक्षा के कर्मचारियों और काउंसलर सहित छह लोगों से पूछताछ की और उनके बयान दर्ज किए। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस ने दो कोचिंग संस्थानों से सीसीटीवी फुटेज भी जब्त किया है।

सीबीआई ने नीट यूजी पेपर लीक मामले के सिलसिले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है और देश भर में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चला रही है।

भाषा

शुभम माधव

माधव


लेखक के बारे में