बहादुरी के लिए सराहे जा रहे पायलट स्मित मच्छार के जल्द स्वस्थ होने की पड़ोसियों ने की कामना
बहादुरी के लिए सराहे जा रहे पायलट स्मित मच्छार के जल्द स्वस्थ होने की पड़ोसियों ने की कामना
मुंबई, एक अक्टूबर (भाषा) मुंबई में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार के पड़ोसियों ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्हें मच्छार पर गर्व है और वे उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
कैप्टन मच्छार को उस सह-पायलट से मुकाबला करने के लिए नायक के रूप में सराहा जा रहा है, जिसने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान को कथित तौर पर दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की थी। इस घटना ने दुनियाभर का ध्यान आकर्षित किया है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा उनके इजराइली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू ने भी मच्छार की सराहना की है।
पड़ोसियों ने बताया कि कुछ वर्ष पहले दुबई जाने से पहले मच्छार घाटकोपर इलाके के स्वास्तिक हाइट्स में अपने माता-पिता के साथ रहते थे।
मच्छार को 15 वर्ष से अधिक समय से जानने वाले पड़ोसी डॉ. जिनित शाह ने उन्हें दयालु और हमेशा दूसरों की मदद के लिए तैयार रहने वाला व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि घायल पायलट के माता-पिता सऊदी अरब के लिए रवाना हो गए हैं, जहां उनका इलाज किया जा रहा है, ताकि वे उनके साथ रह सकें।
स्वास्तिक बिल्डिंग के चेयरमैन अशोक मकवाना और वहां के निवासी लक्ष्मीकांत जोशी दोनों मच्छार के पिता उपेंद्र के करीबी मित्र हैं। उन्होंने कहा कि वे परिवार को हरसंभव मदद दे रहे हैं और घटना के बाद बुधवार को वे पूरे समय परिवार के साथ रहे।
इमारत के निवासियों ने पायलट के साहसिक कदम पर बेहद गर्व जताया और कहा कि वे उनकी भव्य वापसी का स्वागत करने तथा उनके लौटने पर जश्न मनाने की योजना बना रहे हैं। साथ ही वे उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
मच्छार के बचपन के दोस्त प्रतीक गांधी ने उन्हें बचपन से ही शांत और संयमित स्वभाव का व्यक्ति बताया।
एक पड़ोसी ने कहा कि पायलट की कार्रवाई से विमान में सवार 180 से अधिक लोगों की जान बचाने में मदद मिली और उन्होंने घटना के दौरान मच्छार की प्रतिक्रिया को बेहद साहसिक कदम बताया। पड़ोसी ने कहा, ‘‘उन्होंने उन लोगों को बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल दी।’’
पड़ोसी ने कहा कि मच्छार का परिवार उनकी हालत को बेहद चिंतित है, लेकिन उन्हें उनके साहसिक कदम पर गर्व भी है। उन्होंने कहा, ‘‘वे वहां चले गए हैं।’’
पड़ोसियों ने यह भी बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने मच्छार के परिवार को हवाई अड्डे के लिए रवाना होने में मदद की।
एक अन्य पड़ोसी ने कहा, ‘‘हम तुरंत उनके घर गए। हमने उनके सामान को नीचे लाने में मदद की। हमने सामान कार में रखा और उन्हें रवाना किया।’’
उन्होंने बताया कि इलाके के निवासी अक्षय दोशी परिवार को हवाई अड्डे तक लेकर गए, क्योंकि तनावपूर्ण स्थिति के बीच परिवार के सदस्यों का खुद गाड़ी चलाकर जाना उचित नहीं समझा गया।
पड़ोसी ने कहा, ‘‘उन्होंने जो किया है, उस पर सभी को बहुत गर्व है। लेकिन जब तक हमें वहां से मच्छार हालत के बारे में कोई संदेश नहीं मिल जाता, तब तक हम उनकी स्थिति को लेकर चिंतित हैं।’’
एक अन्य पड़ोसी ने कहा कि आवासीय सोसायटी के लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं और उनके परिवार की हिम्मत बंधा रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें संबल मिले। मैं उनके और उनके परिवार, खासकर उनकी मां, पिता और भाई के लिए वास्तव में प्रार्थना कर रहा हूं। यह बेहद चिंताजनक है। हम प्रार्थना कर रहे हैं कि उनकी जांच रिपोर्ट सामान्य आए।”
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 के कॉकपिट में बुधवार को मच्छार पर उनके सह-पायलट ने चाकू से हमला किया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा
लेखक के बारे में
Web Title: बहादुरी के लिए सराहे जा रहे पायलट स्मित मच्छार के जल्द स्वस्थ होने की पड़ोसियों ने की कामना
महाराष्ट्र
और भी पढ़ें ›यवतमाल सहकारी बैंक से जुड़े धनशोधन मामले में ईडी की छापेमारी
01 Oct 2026 | 2:23 pmफडणवीस ने लोगों की जान बचाने के लिए कैप्टन स्मित मच्छार को ‘सच्च नायक’ बताया
01 Oct 2026 | 2:03 pmराष्ट्रीय पुरस्कार मिलने के बाद कलाकार के रूप में जिम्मेदारी बढ़ गई है : यामी गौतम
01 Oct 2026 | 1:40 pmहर कहीं प्रशंसा पा रहे पायलट बचपन से ही शांत और संयमित थे: स्मित मच्छार के दोस्त
01 Oct 2026 | 12:42 pmपायलट की ‘मसल मेमोरी’ ने उन्हें घायल होने के बावजूद संकट का सामना करने में मदद की: डॉक्टर
01 Oct 2026 | 12:15 pmहर कहीं प्रशांसा पा रहे पायलट बचपन से ही शांत और संयमित थे: स्मित मच्छार के दोस्त
01 Oct 2026 | 11:33 amशिवसेना (उबाठा) नेता की हत्या: बेटे ने ठाणे की पूर्व महापौर और उनके पति पर लगाया साजिश का आरोप
01 Oct 2026 | 10:24 amआईआईटी-मुंबई छात्र मौत : माता-पिता ने प्रोफेसर और निदेशक की गिरफ्तारी की मांग दोहराई
01 Oct 2026 | 12:06 am