तेल टैंकर पर हमले में मारे गए भारतीय नाविकों के परिवारों से अभी तक कोई संपर्क नहीं हुआ : एफएसयूआई

तेल टैंकर पर हमले में मारे गए भारतीय नाविकों के परिवारों से अभी तक कोई संपर्क नहीं हुआ : एफएसयूआई

तेल टैंकर पर हमले में मारे गए भारतीय नाविकों के परिवारों से अभी तक कोई संपर्क नहीं हुआ : एफएसयूआई
Modified Date: June 11, 2026 / 02:47 pm IST
Published Date: June 11, 2026 2:47 pm IST

मुंबई, 11 जून (भाषा) भारतीय नाविकों के संगठन ‘फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया’ (एफएसयूआई) ने बृहस्पतिवार को कहा कि ओमान तट के पास एक तेल टैंकर पर अमेरिकी सैन्य हमले में मारे गए तीन भारतीय नाविकों के परिवारों से अभी तक संपर्क नहीं हो सका है।

एफएसयूआई के महासचिव मनोज यादव ने कहा, ‘‘हमें आज बाद में नाविकों के बारे में विस्तृत जानकारी मिलेगी।’’

पलाऊ के ध्वज वाले टैंकर एमटी सेटेबेलो पर सवार भारतीय चालक दल के सदस्य उस समय हादसे का शिकार हुए, जब होर्मुज जलडमरूमध्य के निकट जहाज पर हमला हुआ और उसमें आग लग गई।

घटना के समय टैंकर पर चालक दल के कुल 28 सदस्य सवार थे, जिनमें 24 भारतीय थे। जहाज पर कथित रूप से निर्देशों का पालन न करने के बाद उसके इंजन कक्ष पर सटीक हथियारों से हमला किया गया था।

यादव ने बताया, ‘‘तीनों भारतीय हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश के रहने वाले थे।’’

उन्होंने कहा कि जहाज से संपर्क बाधित है और घटना से जुड़ी जानकारियों का सत्यापन अभी जारी है।

यादव ने कहा, ‘‘हम अभी तक परिवार के सदस्यों से संपर्क स्थापित नहीं कर पाए हैं। हम ओमान से कुछ और जानकारी का इंतजार कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब भी हमारा परिवार के सदस्यों से संपर्क होगा तो उनका पहला सवाल यही होगा कि क्या वे अपने प्रियजनों के अंतिम दर्शन कर पाएंगे।’’

यादव ने यह भी कहा कि अमेरिकी नौसैनिक बलों को संभवतः जहाज पर सवार लोगों की राष्ट्रीयता की जानकारी रही होगी।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में