राकांपा गुटों के विलय पर अभी कोई बातचीत नहीं : शरद पवार

राकांपा गुटों के विलय पर अभी कोई बातचीत नहीं : शरद पवार

राकांपा गुटों के विलय पर अभी कोई बातचीत नहीं : शरद पवार
Modified Date: April 6, 2026 / 10:30 pm IST
Published Date: April 6, 2026 10:30 pm IST

मुंबई, छह अप्रैल (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के विलय पर नये सिरे से कोई विचार विमर्श नहीं हो रहा है।

राकांपा (शप) प्रमुख ने नयी दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में दोहराया कि दोहराया कि इस मुद्दे पर अतीत में राकांपा प्रमुख रहे उनके दिवंगत भतीजे अजित पवार और राकांपा (शप) नेता जयंत पाटिल के बीच चर्चा हुई थी।

उन्होंने कहा, ‘‘वर्तमान में राकांपा के दोनों गुटों के किसी भी विलय को लेकर कोई नयी वार्ता नहीं चल रही है।’’

हाल ही में राकांपा की महाराष्ट्र इकाई के नेता सुनील तटकरे ने स्वीकार किया था कि राकांपा के दोनों गुटों ने उस वक्त विलय की संभावनाओं पर विचार किया था, जब उपमुख्यमंत्री अजित पवार जीवित थे।

तटकरे ने यह भी कहा कि वह विलय वार्ता के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन राकांपा, भाजपा नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ ही बनी रहेगी।

अठाईस जनवरी को अजित पवार की विमान दुर्घटना में मृत्यु के तुरंत बाद, शरद पवार के नेतृत्व वाले राकांपा (शप) के वरिष्ठ नेताओं ने दावा किया था कि राकांपा प्रमुख अजित पवार के निधन से पहले दोनों गुटों के विलय पर काम चल रहा था। सत्तारूढ़ राकांपा के नेताओं ने उस दावे को यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया था।

इस बीच, राकांपा (शप) प्रमुख शरद पवार ने कहा कि कांग्रेस को बारामती विधानसभा उपचुनाव में भाग लेने का पूरा अधिकार है। उन्होंने अजित एवं सुनेत्रा पवार के पुत्र पार्थ पवार की “राजनीतिक परिपक्वता” पर भी सवाल उठाया।

पार्थ ने अपनी मां एवं उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ उम्मीदवार उतारने के लिए कांग्रेस की आलोचना की है।

उन्होंने कहा कि पवार परिवार ने 23 अप्रैल को होने वाले उपचुनाव के लिए कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है, क्योंकि उन्हें अपने भतीजे अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत से गहरा शोक था। अजित की मौत के बाद ही यह चुनाव अनिवार्य हुआ है।

राकांपा (शप) प्रमुख ने नयी दिल्ली में राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘निर्विरोध चुनाव की कोई आवश्यकता नहीं है। एक स्वतंत्र राजनीतिक पार्टी होने के नाते, कांग्रेस को बारामती उपचुनाव में भाग लेने का पूरा अधिकार है।’’

सुनेत्रा पवार ने आज ही पूर्वाह्न उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।

सत्तारूढ़ भाजपा, शिवसेना, राकांपा और विपक्षी शिवसेना (उबाठा) द्वारा निर्विरोध चुनाव सुनिश्चित करने के लिए की गई अपीलों के बावजूद, कांग्रेस ने उपचुनाव में राकांपा प्रमुख सुनेत्रा पवार के खिलाफ आकाश मोरे को उम्मीदवार बनाया है।

बरामती में उपचुनाव में कांग्रेस के कूदने संबंधी सवालों के जवाब में शरद पवार ने कहा कि चुनाव हमेशा इस मान्यता के साथ लड़ा जाना चाहिए कि उसमें प्रतिस्पर्धा होगी।

भाषा

सुरेश दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में