(तस्वीरों सहित)
मुंबई, आठ जून (भाषा) मुंबई की परिवहन सेवा ‘बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट’ (बेस्ट) की एक तेज रफ्तार बस सोमवार को दादर इलाके में दो कारों समेत कई वाहनों से टकरा गई, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि घायल हुए दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब 9.30 बजे प्लाजा सिनेमा इलाके में वीर कोतवाल उद्यान के नजदीक हुई, जिससे इलाके में यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ।
बेस्ट के यातायात विभाग द्वारा शाम को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, मार्ग संख्या 463 पर संचालित एक बस अनियंत्रित हो गई। इस हादसे में दो मोटरसाइकिल, एक टैक्सी और एक निजी कार भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
बेस्ट ने घटना की जांच के लिए चार सदस्यीय एक समिति का गठन किया है।
एक निकाय अधिकारी ने बताया कि इस दुर्घटना में एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों को निकाय संचालित सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान 28 वर्षीय नियाज अहमद के रूप में हुई है। वहीं, घायल दोपहिया चालक 22 वर्षीय वृषभ गुप्ता का गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में उपचार जारी है।
अन्य घायलों की पहचान पैदल यात्री 41 वर्षीय अमित म्हात्रे, बेस्ट निरीक्षक 50 वर्षीय महेश दोईफोडे और 48 वर्षीय सतीश वाघमारे, बस चालक 42 वर्षीय विकास पडारे तथा परिचालक 57 वर्षीय राजेंद्र पेलेकर के रूप में हुई है।
क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के अनुसार, बस वीर कोतवाल गार्डन के आसपास की घुमावदार सड़क पर चल रही थी। इसके बाद वह सड़क की सबसे बाईं लेन में मुड़ गई और दो कारों से टकरा गई।
अन्य फुटेज में बस को गोलचक्कर पर आगे बढ़ते हुए एक एक्सकेवेटर (खुदाई मशीन) से टकराते और उसके बाद रुकते हुए देखा जा सकता है।
बेस्ट ने बताया कि बस चालक विकास पडारे मार्च 2021 में ‘वेट-लीज’ आपरेटर ईवे ट्रांस (ओलेक्ट्रा) से जुड़ने के बाद से इलेक्ट्रिक बस चला रहे हैं। बेस्ट के अनुसार इससे पहले वह जनवरी 2020 से एक अन्य परिचालक के साथ कार्यरत थे।
बेस्ट ने कहा, ‘‘दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की चार सदस्यीय समिति गठित की गई है, जिसे प्राथमिकता के आधार पर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।’’
बेस्ट ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के चालकों के लिए समय-समय पर सुरक्षा अभियान चलाए गए हैं और उन्हें सुरक्षा उपायों से अवगत कराया गया है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि बेस्ट समिति अध्यक्ष तृष्णा विश्वासराव ने सभी ‘वेट-लीज’ परिचालकों की बैठक बुलाई और उन्हें दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा यात्रियों और पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
वेट-लीज मॉडल के तहत निजी ठेकेदार बसों के स्वामी होते हैं और चालक उपलब्ध कराते हैं, जबकि बेस्ट परिचालक उपलब्ध कराता है, टिकट राजस्व एकत्र करता है तथा मार्ग और किराये का नियंत्रण करता है।
एक अधिकारी ने बताया कि इस बीच, बेस्ट बस चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 और मोटर वाहन अधिनियम के तहत शिवाजी पार्क पुलिस थाने में एक मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।
भाषा अमित धीरज
धीरज