धारावी परियोजना में सिंगापुर और हांगकांग के आवास विकास मॉडल को अपनाया जाएगा: फडणवीस

Ads

धारावी परियोजना में सिंगापुर और हांगकांग के आवास विकास मॉडल को अपनाया जाएगा: फडणवीस

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 07:13 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 07:13 PM IST

मुंबई, आठ जून (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि धारावी पुनर्विकास परियोजना को सिंगापुर और हांगकांग के आधुनिक आवास विकास की तर्ज पर लागू किया जाएगा।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, परियोजना के पहले चरण को मार्च 2028 तक पूरा करने और सौंपने का लक्ष्य रखा गया है।

फडणवीस ने इस बात पर जोर दिया कि स्थानीय निवासियों के हितों, आजीविका और उनकी अनूठी पहचान को बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।

यह परियोजना एक बड़े पैमाने की शहरी नवीनीकरण पहल है, जिसका उद्देश्य मध्य मुंबई में स्थित इस झुग्गी बस्ती को एक आधुनिक एवं एकीकृत टाउनशिप में बदलना है। इस परियोजना को राज्य सरकार द्वारा अदानी समूह के साथ साझेदारी में लागू किया जा रहा है।

यहां एक बैठक में परियोजना की समीक्षा करते हुए फडणवीस ने कहा कि यह पुनर्विकास पहल धारावी के निवासियों का समग्र विकास करेगी।

उन्होंने कहा, ‘धारावी पुनर्विकास परियोजना केवल इमारतों के निर्माण के बारे में नहीं है। यह धारावी के निवासियों के समग्र विकास की एक पहल है, और वहां रहने वाले लोग ही इस परियोजना के केंद्र में होने चाहिए।’

आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि धारावी के औद्योगिक और सामाजिक ताने-बाने को संरक्षित किया जाना चाहिए तथा भले ही व्यावसायिक विकास इस परियोजना का हिस्सा है लेकिन जन कल्याण को इसमें सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

भाषा सुमित नरेश

नरेश