‘इंडिया’ गठबंधन को 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करना चाहिए: राउत

Ads

‘इंडिया’ गठबंधन को 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करना चाहिए: राउत

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 07:39 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 07:39 PM IST

मुंबई, आठ जून (भाषा) शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने सोमवार को नयी दिल्ली में ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक के बीच जोर देकर कहा कि विपक्षी गठबंधन को 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम घोषित करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) गठबंधन भाजपा विरोधी दलों का एकजुट समूह है और आगे की रणनीति कांग्रेस सांसद तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में तय की जाएगी।

गठबंधन में शिवसेना (उबाठा) समेत 20 से अधिक दल शामिल हैं।

राउत ने कहा कि “भ्रष्टाचारियों” और “लोगों को लूटने वालों” को सत्ता से हटाना इंडिया गठबंधन का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए।

उन्होंने कहा, “हमें 2029 का लोकसभा चुनाव प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार पेश करके लड़ना होगा। शिवसेना (उबाठा) के प्रमुख उद्धव ठाकरे का भी यही मानना है।”

राज्यसभा सदस्य ने कहा कि 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित नहीं करने के कारण विपक्षी दलों के गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) की सियासी संभावनाओं पर एक हद तक असर पड़ा था।

राउत ने कहा कि उद्धव ठाकरे और पार्टी नेता आदित्य ठाकरे पहले से तय कार्यक्रमों के कारण नयी दिल्ली जाकर गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने कांग्रेस को बता दिया था कि शिवसेना (उबाठा) इस बैठक में ऑनलाइन माध्यम से शामिल होगी।

ठाकरे मुंबई से डिजिटल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

राउत ने कहा कि उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से बैठक में शामिल नहीं होने का निर्णय लिया, क्योंकि चिकित्सकों ने उन्हें भीषण गर्मी के कारण यात्रा न करने की सलाह दी थी।

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप