राज्य में पानी की किल्लत को लेकर विपक्ष का दावा आंशिक रूप से सच: महाराष्ट्र सरकार
राज्य में पानी की किल्लत को लेकर विपक्ष का दावा आंशिक रूप से सच: महाराष्ट्र सरकार
मुंबई, आठ जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र सरकार ने बुधवार को विधानसभा में स्वीकार किया कि पानी की किल्लत के बारे में कांग्रेस के एक विधायक के दावे आंशिक रूप से सच हैं और इस वर्ष 22 जून तक 1,200 से अधिक गांवों को टैंकर से पानी की आपूर्ति की गई।
पेयजल और स्वच्छता मंत्री गुलाबराव पाटिल ने कांग्रेस विधायक अमित देशमुख द्वारा उठाए गए एक तारांकित प्रश्न का लिखित उत्तर प्रस्तुत किया। देशमुख ने कहा था कि पानी की किल्लत सरकारी आंकड़ों की तुलना में अधिक व्यापक है।
मंत्री ने कहा कि यह दावा ‘‘आंशिक रूप से सच’’ है।
उत्तर में बताया गया कि 22 जून की एक रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के 36 में से 25 जिलों में पानी की किल्लत रही, जिसमें 1,279 गांवों और 3,389 बस्तियों को 1,413 टैंकरों के माध्यम से पीने का पानी पहुंचाया गया।
खासतौर पर, इस बार मानसून ने राज्य में देरी से दस्तक दी लेकिन जुलाई की शुरुआत से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है।
देशमुख ने यह भी पूछा था कि क्या पेयजल और स्वच्छता विभाग की साप्ताहिक रिपोर्ट में केवल 2,285 गांवों को ही किल्लत से प्रभावित दिखाया गया, जबकि वास्तविक संख्या 8,000 और 9,000 के बीच है।
मंत्री ने कहा कि सरकार ने पानी की किल्लत से प्रभावित 12,406 गांवों और बस्तियों में कई उपाय किए, जिनमें निजी कुओं को प्रशासन के नियंत्रण में लेना, नलों की मरम्मत करना तथा पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए अन्य आपातकालीन व्यवस्थाएं लागू करना शामिल हैं।
पाटिल ने कहा कि सरकार ने बांधों का प्रबंधन करने वाले अधिकारियों को 31 अगस्त तक पानी के उपयोग की कुशलता से योजना बनाने के निर्देश भी दिए थे।
भाषा खारी धीरज
धीरज

Facebook


