मध्य रेलवे की गणेश चतुर्थी विशेष ट्रेनों में 1.17 लाख से अधिक टिकट बुक

Ads

मध्य रेलवे की गणेश चतुर्थी विशेष ट्रेनों में 1.17 लाख से अधिक टिकट बुक

  •  
  • Publish Date - September 1, 2026 / 01:20 PM IST,
    Updated On - September 1, 2026 / 01:20 PM IST

मुंबई, एक सितंबर (भाषा) आगामी गणेश चतुर्थी उत्सव के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे की ओर से घोषित 200 आरक्षित विशेष ट्रेनों में 1.17 लाख से अधिक यात्रियों ने टिकट बुक कर लिए हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि मध्य रेलवे ने कुल 262 विशेष ट्रेनों के फेरे लगाने की घोषणा की है, जिनमें 62 अनारक्षित सेवाएं भी शामिल हैं। ये विशेष ट्रेनें नौ सितंबर से मुंबई, पुणे और नागपुर को तटीय कोंकण तथा गोवा के विभिन्न गंतव्यों से जोड़ेंगी।

उन्होंने बताया कि इन ट्रेनों में अब तक 1,17,682 यात्रियों ने टिकट बुक किए हैं।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, इन विशेष सेवाओं में 200 आरक्षित ट्रेनें शामिल हैं, जिनमें एसी सेवाएं, स्लीपर तथा सामान्य डिब्बों वाली ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा 62 अनारक्षित ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि आरक्षित विशेष ट्रेनों में सावंतवाड़ी रोड के लिए 112 सेवाएं, रत्नागिरी के लिए 64 सेवाएं और मडगांव (गोवा) के लिए 24 सेवाएं शामिल हैं।

विज्ञप्ति के अनुसार, रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर, प्रमुख स्टेशनों पर प्रतीक्षालय, पेयजल, भोजन और शौचालय की व्यवस्था की है। इसके लिए गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) की भी मदद ली जा रही है। साथ ही, यात्रियों के व्यवस्थित तरीके से ट्रेन में चढ़ने के लिए कतार प्रबंधन प्रणाली भी लागू की गई है।

यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशनों पर सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख स्थानों पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अतिरिक्त जवानों और टिकट जांच कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि यात्रियों को अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए ट्रेन के प्रस्थान से कम से कम 30 मिनट पहले स्टेशन पहुंचने की सलाह दी गई है। साथ ही, यात्रियों से वैध टिकट और पहचान पत्र साथ रखने को कहा गया है।

भाषा तान्या वैभव

वैभव