पालघर, दो फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर शहर के औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को एक फर्नीचर निर्माण इकाई में आग लग गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की घटना में कोई हताहत नहीं हुआ क्योंकि बिडको औद्योगिक क्षेत्र में स्थित कारखाने से सभी कर्मचारियों को सुरक्षित निकाल लिया गया था।
जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि आग लगने की सूचना दोपहर करीब 1.30 बजे मिली जब परिसर में कम से कम 96 मजदूर मौजूद थे।
उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) और भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) से दमकल गाड़ियां आग बुझाने के लिए सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचीं और वसई-विरार नगर निगम (वीवीएमसी) से भी एक वाहन को बचाव कार्य में सहायता के लिए भेजा गया।
अधिकारी ने बताया कि आग बुझाने का अभियान जारी है और यह सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं कि आग आसपास की औद्योगिक इकाइयों तक न फैले।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चलता है कि परिसर में लकड़ी, फोम और रसायनों की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैली।
भाषा तान्या नरेश
नरेश