पवार, आठवले, तावडे का राज्यसभा के लिए चुना जाना लगभग तय

Ads

पवार, आठवले, तावडे का राज्यसभा के लिए चुना जाना लगभग तय

  •  
  • Publish Date - March 5, 2026 / 06:41 PM IST,
    Updated On - March 5, 2026 / 06:41 PM IST

मुंबई, पांच मार्च (भाषा) केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता विनोद तावडे सहित महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति के छह उम्मीदवार और विपक्षी महा विकास आघाडी उम्मीदवार शरद पवार का राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित होना लगभग तय है।

महाराष्ट्र की सात सीट के लिए 16 मार्च को होने वाले चुनाव के वास्ते नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन, बृहस्पतिवार को मुंबई के विधान भवन में केवल सात उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

शरद पवार (85) अस्वस्थता के कारण विधान भवन में मौजूद नहीं थे। उनकी बेटी एवं लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले ने उनकी ओर से नामांकन पत्र दाखिल किया।

आठवले और तावडे के अलावा, भाजपा ने रामराव वडकुते और माया इवनाते को भी मैदान में उतारा है।

कभी अविभाजित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शरद पवार के करीबी माने जाने वाले वडकुते मराठवाड़ा क्षेत्र के हटकर समुदाय से आते हैं।

वह शरद पवार के समर्थन से राज्य विधान परिषद के लिए चुने गए थे, इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया।

माया इवनाते नागपुर की पूर्व महापौर हैं और आदिवासी पृष्ठभूमि से आती हैं।

एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने लोकसभा के पूर्व सदस्य राहुल शेवाले को उम्मीदवार बनाए जाने की अटकलों के बीच पार्टी की प्रवक्ता ज्योति वाघमारे को मैदान में उतारा है।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ओर से पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के बेटे पार्थ पवार ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया।

इसके साथ ही इस बार महाराष्ट्र से पवार परिवार के दो सदस्य राज्यसभा पहुंचने को तैयार हैं।

मौजूदा उपमुख्यमंत्री पार्थ पवार की मां सुनेत्रा पवार पहले से ही राज्यसभा सदस्य हैं।

भाषा

अमित खारी माधव

माधव