अमरावती, 15 सितंबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को अधिकारियों को राज्य के उन प्राइवेट कोचिंग सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया, जो कथित तौर पर नौकरी के उम्मीदवारों पर विरोध-प्रदर्शनों और आंदोलनों में शामिल होने के लिए दबाव डाल रहे हैं।
एक सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया कि सरकार को ऐसी खबर मिली हैं कि राज्य में कुछ निजी कोचिंग संस्थान “नियमों का उल्लंघन” कर रहे हैं और वे कथित “राजनीतिक साजिशों” का अड्डा नहीं बन सकते।
मुख्यमंत्री का हवाला देते हुए कहा गया, “कानून का उल्लंघन करने वाले कुछ कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।”
अधिकारियों के अनुसार, कुछ कोचिंग संस्थान “गलत इरादों” के साथ, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे नौकरी के अभ्यर्थियों पर अपने “निजी स्वार्थों” के लिए “राजनीति से प्रेरित” विरोध प्रदर्शनों में शामिल होने का दबाव डाल रहे हैं। सरकार ने साफ कर दिया है कि वह प्राइवेट कोचिंग सेंटरों की ऐसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेगी और उम्मीदवारों को सलाह दी कि वे परीक्षा की तैयारी पर ध्यान दें।
इसके अलावा, सरकार ने अधिकारियों को ऐसे नियम लागू करने का निर्देश दिया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोचिंग सेंटर नियमों का पालन करें।
सरकार का कोचिंग संस्थानों पर ध्यान ऐसे समय में गया है जब ‘मेगा डीएससी – 2025’ (शिक्षक भर्ती) और 2018 ग्रुप-1 परीक्षाएं विवादों में घिरी हुई हैं और कुछ जगहों पर विरोध-प्रदर्शन की खबरें भी आई हैं।
भाषा प्रशांत नरेश
नरेश