पीएनबी मामला : नीरव मोदी की बहन ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये बयान दर्ज कराने की अनुमति मांगी
पीएनबी मामला : नीरव मोदी की बहन ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये बयान दर्ज कराने की अनुमति मांगी
मुंबई, 14 जुलाई (भाषा) भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी की छोटी बहन पूर्वी मोदी ने मंगलवार को मुंबई की एक विशेष अदालत में अर्जी दायर कर पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से जुड़े धोखाधड़ी मामले में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये अपना बयान दर्ज कराने की अनुमति मांगी।
अभी लंदन की जेल में बंद नीरव कथित पीएनबी धोखाधड़ी मामले का मुख्य आरोपी है।
बेल्जियम की नागरिक पूर्वी मामले में सरकारी गवाह बनने के लिए पहले ही अदालत में अर्जी दाखिल कर चुकी है।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कहा था कि सरकारी गवाह बनने की पूर्वी की अर्जी पर फैसला लिए जाने से पहले इस मामले में उसका बयान दर्ज किया जाना जरूरी है।
पूर्वी के वकील ने मंगलवार को विशेष सीबीआई अदालत से आग्रह किया कि उनकी मुवक्किल को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये बयान दर्ज कराने की अनुमति दी जाए।
अदालत ने पूर्वी की अर्जी पर अभियोजन पक्ष से अपना जवाब दाखिल करने को कहा है।
पूर्वी और उसका पति मयंक मेहता धन शोधन के एक संबंधित मामले में पहले ही सरकारी गवाह बन चुके हैं, जिसकी जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कर रहा है।
पूर्वी को पीएनबी के साथ आपराधिक धोखाधड़ी से जुड़े कथित मामले में आरोपी के तौर पर नामजद किया गया है। इस मामले में ईडी और सीबीआई ने कई आरोप पत्र दाखिल किए हैं।
ईडी नीरव, उसके मामा मेहुल चोकसी और अन्य लोगों के खिलाफ 2018 से धन शोधन के आरोपों की जांच कर रही है। इन लोगों पर आरोप है कि इन्होंने मुंबई में पीएनबी की ब्रैडी हाउस शाखा में बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से और फर्जी ‘आश्वासन पत्र’ जारी करके दो अरब अमेरिकी डॉलर से ज्यादा की धोखाधड़ी की।
भाषा पारुल वैभव
वैभव

Facebook


