चिकित्सकों से मारपीट के मामले में गिरफ्तार शिवसेना पार्षद म्हात्रे को ठाणे अदालत से मिली जमानत
चिकित्सकों से मारपीट के मामले में गिरफ्तार शिवसेना पार्षद म्हात्रे को ठाणे अदालत से मिली जमानत
ठाणे, 14 जुलाई (भाषा) ठाणे के अस्पताल में दो चिकित्सकों और अन्य चिकित्सा कर्मियों के साथ मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे को जिले की एक अदालत ने मंगलवार को जमानत दे दी।
म्हात्रे को करीब एक हफ्ते पहले अस्पताल में दो चिकित्सकों और अन्य चिकित्सा कर्मियों के साथ मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
ठाणे जिले की कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (केडीएमसी) के पार्षद म्हात्रे और इसी मामले में गिरफ्तार उनके तीन साथियों की तीन दिनों की पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद, अदालत ने सोमवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
आरोपियों को जेल भेजे जाने के तुरंत बाद उनके वकील ने अदालत में जमानत की अर्जी दाखिल की थी।
एक अधिकारी ने बताया कि बचाव पक्ष और सरकारी वकील की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने शिवसेना पार्षद को जमानत दे दी।
यह मामला छह जुलाई की रात का है, जब डोंबिवली के एक निगम संचालित अस्पताल में एक परिवार को उनके नवजात बच्चे को किसी दूसरे बड़े अस्पताल में ले जाने की सलाह दी गई थी। इसी बात से नाराज होकर पार्षद और उनके सहयोगियों ने वहां मौजूद दो चिकित्सकों और नर्सों के साथ कथित तौर पर मारपीट की थी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था।
इस मारपीट का एक वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित होने के बाद लोगों में भारी गुस्सा देखा गया था।
जनता के भारी आक्रोश और चिकित्सकों के संगठन ‘इंडियन मेडिकल एसोसिएशन’ (आईएमए) के दबाव के बाद पुलिस ने मंगलवार रात म्हात्रे और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
भाषा
सुमित वैभव
वैभव

Facebook


