पुलिसकर्मी का मादक पदार्थ से जुड़ा धमकी भरा वीडियो: राकांपा (शप) नेता ने कार्रवाई की मांग की

Ads

पुलिसकर्मी का मादक पदार्थ से जुड़ा धमकी भरा वीडियो: राकांपा (शप) नेता ने कार्रवाई की मांग की

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 08:13 PM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 08:13 PM IST

सांगली, 23 जुलाई (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन कर रहे छात्रों को मादक पदार्थ के मामले में फंसाने की पुलिसकर्मी की कथित धमकी को “बेहद गंभीर” बताया और उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग की।

व्यापक रूप से प्रसारित 25 सेकंड के एक वीडियो में, पुलिस का एक वाहन चालक हिरासत में लिए गए दो युवाओं से यह कहता हुआ दिख रहा है कि अगर उन्होंने आगे और विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा लिया, तो उन पर मादक पदार्थों से जुड़े झूठे मामले दर्ज किए जाएंगे।

वीडियो में चालक ने कथित तौर पर छात्रों से कहा, “अगर तुम लोग मुझे यहां दोबारा मिले, तो मैं तुम्हारी जेब में 50 ग्राम ‘पाउडर’ डाल दूंगा। तुम्हें जमानत नहीं मिलेगी और तुम्हारी पूरी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी। तुम लोगों की वजह से हमें बहुत मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।”

मुंबई पुलिस ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं और वीडियो में दिख रहे कर्मचारी को ड्यूटी रोस्टर से हटा दिया है।

पाटिल ने एक बयान में कहा, “पुलिसकर्मियों द्वारा छात्रों को दी गई धमकी बेहद गंभीर मामला है। अगर कोई पुलिसकर्मी ऐसी धमकी दे सकता है, तो यह सवाल उठता है कि क्या उसे मादक पदार्थ इतनी आसानी से मिल जाते हैं। ऐसे कर्मियों से तुरंत निपटा जाना चाहिए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।”

उन्होंने कहा, “आज वे विरोध कर रहे छात्रों को डरा-धमका रहे हैं। कल वे किसी आम नागरिक को झूठे मामले में फंसाने की कोशिश कर सकते हैं।” साथ ही, उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से संबंधित पुलिसकर्मियों और उनके वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की।

भाषा प्रशांत नरेश

नरेश