पुणे में दंपति और उनकी 19 वर्षीय बेटी ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट में आर्थिक तंगी का जिक्र
पुणे में दंपति और उनकी 19 वर्षीय बेटी ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट में आर्थिक तंगी का जिक्र
पुणे, तीन अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक दंपति और उनकी 19 वर्षीय बेटी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि मौके से मिले एक सुसाइड नोट में आर्थिक तंगी का जिक्र किया गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि विनोद पिल्लै (50) की शनिवार को मौत हो गई थी, जबकि उनकी पत्नी श्रीजा पिल्लै (45) और उनकी बेटी पूर्णिमा पिल्लै को डॉक्टरों ने रविवार को मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘यह घटना शहर में मोरवाडी की है। यह परिवार मूल रूप से केरल से था और पिछले तीन वर्षों से पिंपरी इलाके में रह रहा था। मौके से एक सुसाइड नोट बरामद किया गया है, जिसमें आर्थिक तंगी का जिक्र किया गया है। इसमें यह भी कहा गया है कि उनके इस कदम के लिए कोई और जिम्मेदार नहीं है।’’
उन्होंने बताया कि यह घटना तब सामने आई जब मोरवाडी के एक स्कूल में समन्वयक के रूप में कार्यरत श्रीजा के काम पर न आने पर सहकर्मियों ने उन्हें फोन किया, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला।
अधिकारी ने कहा, ‘‘उनके सहकर्मियों ने फिर उनके रिश्तेदारों को फोन किया, उन्होंने भी उनसे संपर्क करने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। इस बाद पास में ही रहने वाले उनके कुछ रिश्तेदार पिल्लै के घर पहुंचे तो दरवाजा खुला देखा। तीनों अंदर अचेत अवस्था में पड़े थे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।’’
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद दंपति और उनकी बेटी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार को विनोद की मौत हो गई और श्रीजा व पूर्णिमा ने रविवार को दम तोड़ दिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा खारी शोभना
शोभना

Facebook


