पुणे, 10 जून (भाषा) पुणे नगर निगम (पीएमसी) को बुधवार को एक ईमेल मिला, जिसमें उसके मुख्यालय और महापौर के कार्यालय में बम विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। इसके बाद इमारत को खाली कराया गया और परिसर की तलाशी ली गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
ईमेल में नागपुर स्थित आरएसएस मुख्यालय और विधान भवन में भी बम विस्फोट की धमकी दी गई थी।
महाराष्ट्र विधान भवन की इमारतें मुंबई और नागपुर दोनों शहरों में स्थित हैं, लेकिन ईमेल में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि धमकी किस स्थान के लिए दी गई थी।
उन्होंने बताया कि धमकी मिलने के बाद, नगर प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरी मुख्य इमारत को खाली कराया और बम पहचान एवं निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया।
पुलिस और नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, स्वयं को ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ बताने वाले एक समूह की ओर से भेजे गए कथित ईमेल में पुणे नगर निगम (पीएमसी) के महापौर कार्यालय में दोपहर 1:11 बजे, विधान भवन में 3:11 बजे और नागपुर स्थित आरएसएस मुख्यालय में 3:11 बजे आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) विस्फोटों की श्रृंखला की धमकी दी गई थी।
उन्होंने बताया कि ईमेल में दावा किया गया था कि आरएसएस ने 1984 के ऑपरेशन ब्लूस्टार और ऑपरेशन वुडरोज़ का समर्थन किया था। ईमेल में ‘बदला’ लेने की बात कही गई थी और साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा आरएसएस के ‘अंत’ का भी आह्वान किया गया था।
संदेश में प्रेषकों (भेजने वालों) के रूप में खालिस्तान नेशनल आर्मी के इंजीनियर गुरनाख सिंह, रुकन शाहवाला और डॉ. गुरमिरवैर सिंह के नाम दर्ज थे।
एक नगर निगम अधिकारी ने कहा, ‘पीएमसी के मुख्य कार्यालय और महापौर कार्यालय को बम विस्फोट की धमकी वाला ईमेल प्राप्त हुआ है। एहतियात के तौर पर पूरे मुख्य भवन को खाली करा लिया गया है और बम निरोधक एवं खोजी दस्ते द्वारा परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है।’
अधिकारी ने बताया कि तलाशी अभियान पूरा होने और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा परिसर को सुरक्षित घोषित किए जाने तक भवन कर्मचारियों और आगंतुकों के लिए बंद रहेगा।
उन्होंने कहा कि अगले आदेश तक पुणे नगर निगम (पीएमसी) परिसर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
शिवाजीनगर पुलिस थाने के निरीक्षक गिरीश दिघावकर ने बताया कि किसी भी संदिग्ध वस्तु की मौजूदगी की जांच के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और धमकी भरे ईमेल की भी जांच की जा रही है।
परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा