‘हुंकार’ में स्वयंभू बाबा का किरदार निभाते समय हर दिन मौत से लड़ा : रघुबीर यादव

Ads

'हुंकार' में स्वयंभू बाबा का किरदार निभाते समय हर दिन मौत से लड़ा : रघुबीर यादव

  •  
  • Publish Date - September 25, 2026 / 05:25 PM IST,
    Updated On - September 25, 2026 / 05:25 PM IST

मुंबई, 25 सितंबर (भाषा) अनुभवी अभिनेता रघुबीर यादव का कहना है कि अपनी नयी वेब सीरीज ‘हुंकार: द रोर’ में यौन शोषण के आरोपी स्वयंभू बाबा की भूमिका निभाना मानसिक और शारीरिक रूप से काफी चुनौतीपूर्ण रहा और इस किरदार को निभाते समय उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे वह ‘हर दिन मौत से लड़ रहे हों’।

‘पंचायत’ सीरीज से घर-घर में लोकप्रिय हुए 69-वर्षीय अभिनेता ने इस सीरीज में सुनील ‘बापजी’ चकोसी की भूमिका निभाई है। वह एक प्रभावशाली धर्मगुरु है, जिस पर 17 साल की लड़की मीनू रावत ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। मीनू का किरदार ‘सैयारा’ फिल्म से प्रसिद्ध हुईं अभिनेत्री अनीत पड्डा ने निभाया है।

यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें यह भूमिका चुनौतीपूर्ण लगी, यादव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में बताया कि यह अनुभव काफी दर्दनाक था। उन्होंने कहा कि उन्हें खुद से बिल्कुल अलग सोच वाले इंसान की मानसिकता को समझना पड़ा और उस किरदार की हरकतों से दूसरों को पहुंचे दुख को खुद महसूस करना पड़ा।

यादव ने कहा, ‘मैं सच कह रहा हूं — इस किरदार के कारण मुझे जिस दर्द से गुजरना पड़ा, उसकी वजह से मैंने हर एक दिन मौत से मुकाबला किया है।’

‘सलाम बॉम्बे!’, ‘बैंडिट क्वीन’, ‘लगान’, ‘पीपली लाइव’, ‘पीकू’ और ‘न्यूटन’ जैसी सराही गई फिल्मों में अपने अभिनय के लिए मशहूर यादव ने कहा, ‘मैं ऐसा इंसान नहीं हूं, लेकिन उस किरदार ने दूसरों के साथ जो किया, उसका दर्द मेरे अंदर था। इसलिए मेरा दर्द चार-पांच गुना ज्यादा बढ़ गया था।’

यादव ने बताया कि इस किरदार का असर उनके शारीरिक स्वास्थ्य पर भी पड़ा, क्योंकि उनके दिल में पहले से ही नसों को खुला रखने के लिए डाली जाने वाली छोटी मेडिकल ट्यूब (स्टेंट) लगी हुई है।

उन्होंने कहा, ‘मेरी आदत है कि मैं किसी भी किरदार में पूरी तरह डूब जाता हूं और इस प्रक्रिया में मेरी धड़कनें बढ़ जाती थीं। लेकिन मैं इसे करने और उस किरदार की गहराई तक पहुंचने के लिए दृढ़ संकल्पित था।’

उन्होंने कहा, ‘इसलिए मैंने यह काम किया। इसे पूरा करने के बाद मुझे अहसास हुआ कि यह मेरे लिए भी हिम्मत की बात थी।’

यादव ने कहा कि सीरीज की शूटिंग पूरी होने के बाद वह जानबूझकर इस किरदार से दूर होना चाहते थे।

उन्होंने कहा, ‘मैं इस किरदार से बाहर निकलना चाहता था। फिर मैंने एक और फिल्म की, जो इससे पूरी तरह अलग थी, तब जाकर मुझे थोड़ी राहत मिली। मुझे लगा कि मैं सही रास्ते पर हूं, क्योंकि अगर मेरा दिमाग फिर से उस दिशा में (हुंकार के किरदार की ओर) जाने लगता, तो शायद मुझे दिल में एक और स्टेंट लगवाने की जरूरत पड़ जाती।’

लोकप्रिय सीरीज ‘पंचायत’ में ‘प्रधान जी’ (बृज भूषण दुबे) के बहुचर्चित किरदार से पहचान बनाने वाले यादव ने कहा कि वह हमेशा खुद से अलग तरह के किरदारों की तलाश में रहते हैं।

‘जियो-हॉटस्टार’ पर शुक्रवार को रिलीज हुई छह एपिसोड वाली सीरीज ‘हुंकार: द रोर’ का निर्माण करण डी कपाड़िया और नित्या मेहरा ने किया है। इसमें फातिमा सना शेख, राम कपूर और जोया हुसैन ने भी मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।

भाषा सुमित सुरेश

सुरेश