मुंबई, 25 सितंबर (भाषा) अभिनेता आमिर खान को 37वें सिंगापुर अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में स्क्रीन आइकन अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
इस दौरान आमिर ऑस्कर के लिए नामांकित अपनी फिल्म ‘लगान : वन्स अपॉन ए टाइम इन इंडिया’ की 25वीं वर्षगांठ पर आयोजित विशेष स्क्रीनिंग में भी शामिल होंगे।
वैरायटी की खबर के अनुसार, अभिनेता-फिल्मकार आमिर खान आशुतोष गोवारिकर के निर्देशन में बनी 2001 की फिल्म ‘लगान’ की स्क्रीनिंग में उनके साथ शामिल होंगे। वह महोत्सव की ‘इन कन्वर्सेशन विद’ श्रृंखला में वक्ताओं में भी शामिल होंगे।
21 अक्टूबर से एक नवंबर तक आयोजित होने वाले सिंगापुर अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में एशिया के कई प्रमुख फिल्मकार और अभिनेता शामिल होंगे। इनमें जापानी फिल्मकार हिरोकाजू कोरे-एडा और हांगकांग के अभिनेता एंथनी वोंग भी शामिल हैं।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा