गढ़चिरौली में बारिश: बाढ़ प्रभावित भामरागढ़ से तीन मरीजों को हवाई मार्ग से निकाला गया

Ads

गढ़चिरौली में बारिश: बाढ़ प्रभावित भामरागढ़ से तीन मरीजों को हवाई मार्ग से निकाला गया

  •  
  • Publish Date - September 27, 2026 / 09:46 PM IST,
    Updated On - September 27, 2026 / 09:46 PM IST

गढ़चिरौली, 27 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के बाढ़ प्रभावित भामरागढ़ क्षेत्र से सिकल सेल रोग से पीड़ित सात वर्षीय बच्ची और दो अन्य गंभीर रूप से बीमार मरीजों को रविवार को एक समन्वित अभियान के तहत हवाई मार्ग से निकाला गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण गढ़चिरौली जिले के कई रिहायशी इलाकों में बाढ़ आ गई, जिसके बाद कम से कम 525 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

उन्होंने बताया कि जिले के भामरागढ़ से होकर गुजरने वाले दो राष्ट्रीय राजमार्ग और एक राज्य राजमार्ग बाढ़ के पानी के कारण रविवार को भी बंद रहे।

जिला प्रशासन ने बताया कि भामरागढ़ तालुका के तीन गंभीर रूप से बीमार मरीजों को हेलीकॉप्टर से गढ़चिरौली जिले के हेडरी पहुंचाया गया, जहां उनका आगे इलाज किया जाएगा।

प्रशासन के अनुसार, जिला कलेक्टर अविष्यंत पांडा ने इस अभियान की निगरानी की।

हेलीकॉप्टर से हेडरी पहुंचाए गए तीन मरीजों में लाहेरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से लाई गई सात वर्षीय संगीता उसेंडी, अपेक्षा आलम और रोशन मडावी शामिल हैं।

प्रशासन ने बताया कि चिकित्सा आपात स्थिति के लिए इस्तेमाल किया गया हेलीकॉप्टर लॉयड्स मेटल्स कंपनी का था, जो क्षेत्र में चिकित्सा कार्यों के लिए उपलब्ध रहता है।

आदिवासी विकास परियोजना अधिकारी अमर राउत और भामरागढ़ तहसीलदार किशोर बागडे ने मरीजों को स्थानांतरित करने के लिए आवश्यक समन्वय और व्यवस्थाएं कीं।

अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया, नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया, सड़क संपर्क बाधित हुआ और खासकर बस्तर क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।

इस बारिश के कारण गढ़चिरौली जिले के भामरागढ़ क्षेत्र में भी बाढ़ आ गई।

भाषा अमित नरेश

नरेश