राज ठाकरे ने आशा भोसले को श्रद्धांजलि दी

राज ठाकरे ने आशा भोसले को श्रद्धांजलि दी

राज ठाकरे ने आशा भोसले को श्रद्धांजलि दी
Modified Date: April 12, 2026 / 10:06 pm IST
Published Date: April 12, 2026 10:06 pm IST

मुंबई, 12 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने रविवार को दिग्गज गायिका आशा भोसले की तुलना पुनर्जागरण काल ​​के महान कलाकार माइकल एंजेलो से करते हुए कहा कि उनके काम में जुनून, चंचलता और यहां तक कि विद्रोह की झलक भी मिलती है।

ठाकरे ने कहा कि भोसले के गीतों में एक तीव्र आकर्षण, चंचलता, साहस और वह निडर, साहसी भावना समाहित है जो स्वाभाविक रूप से मानवीय होने के साथ आती है।

अपनी अनूठी आवाज से हिंदी पार्श्व गायन में अलग मुकाम हासिल करने वाली दिग्गज गायिका आशा भोसले का रविवार को निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं।

मनसे प्रमुख ने दिग्गज गायिका को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि आशा भोसले और उनकी बहन लता मंगेशकर भारतीय फिल्म संगीत उद्योग की क्रमशः माइकल एंजेलो और लियोनार्डो दा विंची थीं।

उन्होंने कहा कि जब कोई दा विंची के काम को देखता है, तो उसे पूर्णता, एक अत्यंत सटीक और परिभाषित गुणवत्ता, एक गहरी शांति और आध्यात्मिक अनुभव का अहसास होता है जो लंबे समय तक बना रहता है।

ठाकरे ने कहा, ‘‘मंगेशकर के गीतों में ठीक यही भावना झलकती है। सब कुछ एकदम परिपूर्ण और आदर्श लगता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दूसरी ओर, माइकल एंजेलो की रचनाएं जुनून, चंचलता और यहां तक कि विद्रोह से भी परिपूर्ण हैं। कभी-कभी ऐसा लगता है मानो उनकी मूर्तियां पत्थर से बाहर निकलने के लिए बेताब हों। ठीक इसी तरह, भोसले के गीतों में एक तीव्र आकर्षण, चंचलता,निडरता और साहसी भावना समाहित है – सब कुछ न्योछावर कर देने की तीव्र इच्छा।’’

ठाकरे ने कहा कि भोसले ने अपने निजी जीवन में काफी मुश्किलों का सामना किया लेकिन इससे वह टूटी नहीं, बल्कि उनकी दृढ़ता और मजबूती उनके गीतों में झलकती है।

भाषा

देवेंद्र नरेश

नरेश


लेखक के बारे में