फिल्म निर्माण की सलाह देने पर बेटे ने मुझे मेरी ही फिल्म का संवाद सुनाया: राजकुमार हिरानी

फिल्म निर्माण की सलाह देने पर बेटे ने मुझे मेरी ही फिल्म का संवाद सुनाया: राजकुमार हिरानी

फिल्म निर्माण की सलाह देने पर बेटे ने मुझे मेरी ही फिल्म का संवाद सुनाया: राजकुमार हिरानी
Modified Date: July 1, 2026 / 03:32 pm IST
Published Date: July 1, 2026 3:32 pm IST

मुंबई, एक जुलाई (भाषा) फिल्मकार राजकुमार हिरानी ने कहा कि जब उन्होंने अपने बेटे वीर हिरानी को अभिनय के बजाए फिल्म निर्माण में कदम रखने की सलाह दी तो उन्हें उनकी ही फिल्म ‘3 इडियट्स’ का वह लोकप्रिय संवाद सुनने को मिला, जिसे सुनकर वह दंग रह गये।

वीर ने राजकुमार हिरानी को फिल्म ‘3 इडियट्स’ का संवाद ‘वही करो जो तुम्हें पसंद हो’ याद दिलाया और अभिनय के क्षेत्र में कदम रखा।

राजकुमार हिरानी ने शुरू में अपने बेटे को निर्देशन की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया था।

दिग्गज फिल्मकार ने कहा कि जब उनके बेटे ने कैमरे के पीछे अच्छी संभावनाएं दिखाने के बावजूद अभिनय के क्षेत्र में जाने का फैसला किया, तो वह हैरान रह गए। उन्होंने कहा, “वह (वीर) स्कूल में था, उसने खुद ही फिल्म निर्माण सीखा था और वह लघु फिल्में बना रहा था और बहुत अच्छी लघु फिल्में बना रहा था। एक दिन जब वह मेरे पास आया और कहा, ‘मैं फिल्म नहीं बनाना चाहता’, तो मैं हैरान रह गया। तब मैंने कहा, ‘ठीक है, मत बनाओ, कोई बात नहीं, तुम क्या करना चाहते हो?’

राजकुमार ने कहा, “मुझे लगा था कि वह कुछ और करना चाहता है लेकिन उसने कहा कि वह अभिनय करना चाहता है। मैं सोच में पड़ गया कि आखिर यह क्या हो गया, क्योंकि वह फिल्म ‘संजू’ में छह महीने तक मेरे साथ काम कर चुका था। इसलिए मुझे लगा कि शायद रणबीर कपूर को अभिनय करते हुए देखकर उस पर कुछ असर हुआ होगा।”

राजकुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में यह बात कही। निर्देशक ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने बेटे को अभिनय से दूर रखने की कोशिश की थी।

वीर हिरानी वेबसीरीज ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत करने जा रहे हैं।

राजकुमार ने कहा, “मैंने उसे कभी अभिनय करते नहीं देखा था, इसलिए मैं पूरी तरह उसे इस दिशा (फिल्म निर्माण) में आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा था। उसने मेरी बात सुनी और फिर कहा, आपने ‘3 इडियट्स’ बनाई थी, जिसमें आपने कहा था कि इंसान को वही करना चाहिए जो उसे पसंद हो। तब मेरी ही फिल्म का वह संवाद मेरे सामने आकर खड़ा हो गया।”

वीर हिरानी ने भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) से फिल्म संपादन सीखा है।

जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने एक वरिष्ठ निर्देशक के रूप में अपने बेटे को कोई सलाह दी, तो हिरानी ने मजाकिया अंदाज में कहा, “मैं हर अभिनेता को सलाह दे सकता हूं, लेकिन अपने बेटे को नहीं। बच्चे अपने पिता की बात नहीं सुनते, यही सच्चाई है।”

‘प्रीतम एंड पेड्रो’ में वीर, अरशद वारसी और बोमन ईरानी के साथ नजर आएंगे। ये दोनों कलाकार हिरानी की ‘मुन्ना भाई’ की दोनों फिल्मों का अहम हिस्सा रहे हैं।

वीर इससे पहले ‘यूं होता तो’, ‘द डॉक्टर विल सी यू नाउ’ और ‘अपना अपना अंदाज’ जैसी लघु फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं।

‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’, ‘लगे रहो मुन्ना भाई’, ‘3 इडियट्स’, ‘पीके’, ‘संजू’ और ‘डंकी’ जैसी फिल्मों के लिए मशहूर राजकुमार हिरानी के लिए ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ पहली वेबसीरीज है।

साइबर सुरक्षा पर आधारित इस सीरीज का निर्देशन ‘पाताल लोक’ से प्रसिद्धि पाने वाले अविनाश अरुण ने किया है।

भाषा जितेंद्र देवेंद्र

देवेंद्र


लेखक के बारे में