राममंदिर चढ़ावा मामला : कांग्रेस ने निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर नागपुर में किया प्रदर्शन
राममंदिर चढ़ावा मामला : कांग्रेस ने निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर नागपुर में किया प्रदर्शन
नागपुर, नौ जुलाई (भाषा) कांग्रेस ने अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गबन की ‘‘स्वतंत्र और निष्पक्ष’’ जांच की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के नागपुर शहर में प्रदर्शन किया।
कांग्रेस की शहर इकाई के अध्यक्ष प्रफुल्ल गुडधे के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने यहां पोद्दारेश्वर राम मंदिर परिसर में सफेद गांधी टोपी तथा पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न वाले दुपट्टे पहनकर ‘रघुपति राघव राजाराम सत्याग्रह’ किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करने के बजाय भजन गाए।
इस अवसर पर गुडधे ने कहा कि सार्वजनिक धार्मिक संस्थानों के वित्तीय लेन-देन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, ‘‘श्रद्धालुओं की आस्था बनाए रखने के लिए इस मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।’’
उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के बाद कांग्रेस श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों के खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराएगी।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से मूकदर्शक बने रहने के बजाय जनता के सामने तथ्य रखने की मांग की और चेतावनी दी कि आस्था के नाम पर किसी भी तरह के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भाषा अमित सुरेश
सुरेश

Facebook


