शिंदे ने महिला डॉक्टर के साथ मारपीट को लेकर शिवसेना पार्षद को फटकार लगायी : सामंत
शिंदे ने महिला डॉक्टर के साथ मारपीट को लेकर शिवसेना पार्षद को फटकार लगायी : सामंत
मुंबई, नौ जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे ज़िले के एक अस्पताल में एक महिला डॉक्टर और अन्य चिकित्साकर्मियों के साथ कथित तौर पर मारपीट करने को लेकर अपनी पार्टी शिवसेना के पार्षद रमेश म्हात्रे को फटकार लगाई है। राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
कल्याण डोंबिवली नगर निगम द्वारा शास्त्री नगर में संचालित अस्पताल की इस घटना से भारी आक्रोश फैल गया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में नजर आ रहा है कि रमेश म्हात्रे एक बेबस डॉक्टर को थप्पड़ और घूंसे मार रहे हैं तथा उनके सिर पर रजिस्टर पटक रहे हैं। वीडियो में वह एक महिला डॉक्टर के हाथ पर भी मारते हुए दिख रहे हैं।
शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना के नेता सामंत ने कहा, ‘‘ हमारी पार्टी का रुख बिल्कुल साफ है। महिला डॉक्टर के साथ मारपीट करना गलत है। शिवसेना के कई नेताओं और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने भी इस बात पर जोर दिया है कि ऐसा हमला गलत था।’’
उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री ने शिवेसना पार्षद को उपयुक्त ढंग से फटकार लगायी है।
सामंत ने विधानभवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘ इसमें कोई राजनीतिक दखल नहीं है, जिसका मतलब है कि हम उनके कदम का समर्थन नहीं कर रहे हैं।’’
विधानभवन परिसर में शिवसेना (उबाठा) के विधायक आदित्य ठाकरे ने यह कहते हुए रमेश म्हात्रे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की कि उन्हें पार्टी के सभी पदों तथा पार्षद समेत सभी सार्वजनिक पदों से मुक्त कर दिया जाना चाहिए।
ठाकरे ने कहा, ‘‘ जब हम सत्ता में थे, तो हमने (अविभाजित शिवसेना के विधायक) संजय राठौड़ को (2021 में पुणे की एक महिला की आत्महत्या से जुड़े विवाद के बाद) राज्य मंत्री के पद से हटा दिया था । रमेश म्हात्रे का (मारपीट का) वीडियो भी सामने आया है। उन्होंने बहुत ही अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।’’
शिंदे से अपेक्षित कार्रवाई के बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए, शिवसेना (उबाठा) के नेता ने कहा कि गिरफ्तारी के तुरंत बाद रमेश म्हात्रे को अस्पताल ले जाया गया, जिससे गृह विभाग के कामकाज पर सवाल उठते हैं।
ठाकरे ने कहा, ‘‘ वह (शिंदे) खुद भी ऐसे ही हैं, लेकिन म्हात्रे के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। गिरफ्तारी के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। यह गृह विभाग को शोभा नहीं देता है।’’
सोमवार शाम शास्त्री नगर अस्पताल की नवजात सघन चिकित्सा इकाई में जगह की कमी के कारण डॉक्टर सृष्टि बाविस्कर और डॉक्टर वैभव सालुंखे ने एक नवजात शिशु के रिश्तेदारों को बच्चे को किसी दूसरे अस्पताल में ले जाने की सलाह दी थी।
इससे नाराज़ होकर रिश्तेदारों ने पार्षद से संपर्क किया, जो अपने साथियों के साथ अस्पताल पहुंचे और कथित तौर पर डॉक्टरों के साथ मारपीट की।
रमेश म्हात्रे ने महिला डॉक्टर के साथ मारपीट से इनकार किया है और दावा किया है कि सीसीटीवी फुटेज गुमराह करने वाला है।
हालांकि, विपक्ष के साथ-साथ सांसद श्रीकांत शिंदे समेत उनकी अपनी पार्टी के नेताओं ने महिला डॉक्टर पर कथित हमले की निंदा की है। ठाणे के सांसद नरेश म्हस्के ने बुधवार को कहा कि शिवसेना नेतृत्व ने आरोपी पार्षद को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
रमेश म्हात्रे के अलावा, उनके तीन साथियों को भी कथित हमले के सिलसिले में गिरफ़्तार किया गया है।
भाषा
राजकुमार मनीषा
मनीषा

Facebook


